हाथियों का आतंक: व्यक्ति गंभीर रूप से घायल, घर और स्कूल भी नुकसान में

Share this News:

झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां के प्रखंड के कटैया पंचायत अंतर्गत ग्राम भाखरा में शुक्रवार की रात जंगली हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया. हाथियों के इस हमले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है.

लौट रहे व्यक्ति पर अचानक हमला
मिली जानकारी के अनुसार,भाखरा निवासी पृथ्वी सिंह 47 साल के शुक्रवार की रात बासोडीह बाजार से अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान गांव की सड़क पर अंधेरे में खड़े एक जंगली हाथी ने उन पर अचानक हमला बोल दिया. हाथी ने उन्हें पटककर गंभीर रूप से घायल कर दिया. किसी तरह जान बचाकर वे पास के एक घर की ओर भागे और शोर मचाया.

ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया
ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतगावां पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया. सदर अस्पताल में भी स्थिति में सुधार न होते देख डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया है.

स्कूल और घरों को भी बनाया निशाना
इसके अलावा स्कूल के कार्यालय में रखें अलमारी (गोदरेज) और अन्य सामानों को पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दिया गया. वहीं राजा सिंह 80 वर्ष के घर का दरवाजा तोड़कर अंदर रखा गेहूं खा लिया और गेहूं बर्बाद कर दिया साथ ही बाले राम 55 वर्ष के घर को भी हाथियों ने दीवार तोड़कर नुकसान पहुंचाया.

ग्रामीणों में आक्रोश
इस घटना से कटैया पंचायत के ग्रामीणों में वन विभाग और जिला प्रशासन के लिए गहरा रोष है. ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार जारी है, लेकिन विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है. गौरतलब है कि इससे पूर्व भी कटैया में हाथियों ने एक युवक की जान ले ली थी, जिसके विरोध में ग्रामीणों ने दो बार सड़क जाम भी किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि वरीय अधिकारियों के आश्वासन के बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिसका नतीजा है कि आज एक और व्यक्ति जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *