राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र के निवारणपुर स्थित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के झारखंड प्रदेश कार्यालय पर पेट्रोल बम से हुए हमले की जांच में कई अहम पहलू सामने आये हैं। NIA विदेशी हैंडलरों के संपर्क, ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग ऐप के माध्यम से संदिग्ध फंडिंग तथा आरोपियों के डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही है। इसके अलावा आरोपियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सीसीटीवी फुटेज का गेट एनालिसिस और डीएनए परीक्षण कराया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची स्थित एनआईए की विशेष अदालत ने तीनों आरोपियों अमन अंसारी उर्फ गोलू उर्फ रॉकी, सायम सुजान और सैफ अंसारी की न्यायिक हिरासत और जांच की अवधि 150 दिनों से बढ़ाकर 180 दिन करने की अनुमति दे दी है। जांच एजेंसी अब बैंक खातों, मोबाइल डेटा, सोशल मीडिया चैट और विदेशी संपर्कों से जुड़े साक्ष्यों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
एनआईए की जांच में विदेश में मौजूद कथित हैंडलरों और भारत में सक्रिय बिचौलियों के संपर्कों के संकेत मिले हैं। एजेंसी साजिश, लॉजिस्टिक्स और फंडिंग के नेटवर्क का पता लगाने के लिए टेलीकॉम, बैंकिंग और दूसरी जांच एजेंसियों के रिकॉर्ड खंगाल रही है।
जांच में यूपीआई, क्यूआर कोड और एनपीसीआई से जुड़े बैंक खातों के माध्यम से ऑनलाइन गेमिंग और बेटिंग प्लेटफॉर्म पर हुए संदिग्ध लेन-देन की पड़ताल की जा रही है।
इस क्रम में संदीप कुमार और आरोपी अमन अंसारी की मां सफराना खातून के बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन चिह्नित किये गये हैं। प्रारंभिक जांच के बाद चार संबंधित बैंक खातों को डेबिट फ्रीज किया गया है। संबंधित बैंकों से प्रमाणित केवाईसी दस्तावेज और लेन-देन का पूरा रिकॉर्ड मांगा गया है।
जांच के दौरान एनआईए ने अमन अंसारी की मां सफराना खातून का मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी जब्त किये हैं। बीएनएसएस की धारा 94 के तहत जारी आदेश के अनुपालन में उन्होंने मोबाइल हैंडसेट और दोनों सिम कार्ड जांच एजेंसी को सौंपे थे।
अदालत के छह अगस्त 2026 के आदेश के बाद इन उपकरणों को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट एक सितंबर 2026 को प्राप्त हुई।
इसके अलावा आरोपियों के मोबाइल फोन, सिम कार्ड, पेन ड्राइव, हार्ड डिस्क और सीसीटीवी फुटेज को भी छह अगस्त को केंद्रीय विधि विज्ञान प्रयोगशाला (CFSL) भेजा गया था। इसकी रिपोर्ट भी एक सितंबर को मिली। हालांकि, डिजिटल डेटा की मात्रा अधिक होने के कारण व्हाट्सएप चैट, सोशल मीडिया गतिविधियों, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), इंटरनेट प्रोटोकॉल डिटेल रिकॉर्ड (IPDR) और लोकेशन डेटा का विश्लेषण जारी है।
एनआईए आरोपियों की पहचान के लिए वैज्ञानिक तरीकों का सहारा ले रही है। सीसीटीवी फुटेज में कैद संदिग्धों की चाल का मिलान आरोपी अमन अंसारी और सैफ अंसारी की चाल से कराया जा रहा है। इसे गेट एनालिसिस कहा जाता है।
28 अक्टूबर 2026 को अदालत से आदेश मिलने के बाद इस जांच के लिए सीएफएसएल नई दिल्ली सहित अन्य प्रयोगशालाओं से पत्राचार किया गया है। एजेंसी तकनीकी सुविधा और परीक्षण की प्रक्रिया को लेकर जानकारी जुटा रही है।
इसके साथ ही तीनों आरोपियों के डीएनए सैंपल लेने का भी निर्देश दिया गया है। अदालत ने 28 अक्टूबर को होटवार जेल अधीक्षक और चिकित्सा पदाधिकारी को पंजीकृत चिकित्सक के माध्यम से डीएनए सैंपलिंग कराने का आदेश दिया था। जब्त प्रदर्शों से डीएनए का मिलान कराने के लिए सीएफएसएल से संपर्क किया जा रहा है।
मामले में संरक्षित गवाहों की पहचान परेड यानी टेस्ट आइडेंटिफिकेशन परेड (TIP) भी महत्वपूर्ण जांच का हिस्सा है। अदालत ने 29 अक्टूबर 2026 को आदेश जारी कर होटवार जेल में तीनों आरोपियों की पहचान परेड कराने के लिए चार नवंबर की तारीख निर्धारित की थी। इसके लिए न्यायिक दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति का निर्देश भी दिया गया था।
इस प्रक्रिया से संबंधित न्यायिक रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई पूरी होनी बाकी है।
इसके अलावा होटल में ठहरने, आरोपियों की आवाजाही और डिजिटल पहचान से जुड़े गवाहों के बयान बीएनएसएस की धारा 180 के तहत दर्ज किये गये हैं। अब इन गवाहों की पहचान गोपनीय रखते हुए मजिस्ट्रेट के समक्ष धारा 183 के तहत न्यायिक बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है।
रांची के निवारणपुर स्थित आरएसएस के झारखंड प्रदेश कार्यालय पर 16 और 17 जून 2026 के दौरान पेट्रोल बम फेंककर हमला किया गया था। शुरुआती जांच रांची पुलिस और एटीएस ने की थी। इसके बाद 17 और 18 जून को तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तारी के दौरान भागने की कोशिश में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गोली लगने से घायल हुए सैफ अंसारी को रिम्स में भर्ती कराया गया था। इलाज के बाद दो जुलाई को उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में जांच एनआईए को सौंप दी गयी। अब एजेंसी हमले के पीछे की साजिश, फंडिंग, विदेशी संपर्क और आरोपियों के संभावित नेटवर्क की जांच कर रही है।
एनआईए को घटनास्थल से बरामद भौतिक साक्ष्यों की वैज्ञानिक जांच रिपोर्ट का भी इंतजार है। इसके लिए राज्य विधि विज्ञान प्रयोगशाला निदेशालय, रांची से लगातार संपर्क किया जा रहा है। हालांकि, रिपोर्ट अभी तक प्राप्त नहीं हुई है।
जांच एजेंसी डिजिटल साक्ष्य, बैंकिंग रिकॉर्ड, डीएनए परीक्षण, गेट एनालिसिस और गवाहों के बयान के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।











