रांची में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई- 1000 पेटी नकली शराब जब्त

Share this News:

रांची: उत्पाद विभाग की सतर्कता से नकली शराब की एक बड़ी खेप बाजार में पहुंचने से पहले ही पकड़ ली गई है. रांची के तीन थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग के छापेमारी में लगभग 1000 पेटी अवैध शराब बरामद किया गया है. छापेमारी के दौरान मौके से एक तस्कर को भी दबोचा गया है.

तीन थाना क्षेत्रों में रेड

उत्पाद विभाग को यह सूचना मिली थी कि रांची में बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब का ट्रांसपोर्टेशन होने वाला है. सूचना के बाद उत्पाद विभाग के द्वारा एक बड़ी टीम रेड के लिए तैयार किया गया. सटीक सूचना के आधार पर रांची के नगड़ी, रातू और धुर्वा थाना क्षेत्र में नकली शराब बेचने वाले तस्करों के खिलाफ एक साथ छापेमारी की गई. इस कार्रवाई में उत्पाद विभाग की टीम ने 1000 पेटी, जिसमें लगभग 850 लीटर नकली शराब था, उसे जब्त किया है. मौके से उत्पाद विभाग की टीम ने राहुल नायक नाम का एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है.

कार और पिकअप वैन जब्त

सहायक उत्पाद आयुक्त उमा शंकर सिंह ने बताया की नकली शराब को रांची से निकालकर दूसरे जिलों में बेचने की तैयारी की गई थी. सूचना मिलने पर उत्पाद विभाग की टीम की ओर से यह कार्रवाई की गई है. जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब जो पूरी तरह से नकली है बरामद किया गया है. उमाशंकर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर से पूछताछ में कई तस्करों के नाम का खुलासा हुआ है, जो नकली शराब बनाते हैं और फिर उसे बाजार में खपाने का काम करते हैं. सभी के खिलाफ कार्रवाई के लिए टीम तैयार की जा रही है. छापेमारी के दौरान एक कार और दो पिकअप वैन को जब्त किया गया है.

हर तरह के नकली शराब

उत्पाद विभाग के द्वारा बरामद किए गए नकली शराब की खेप में हर तरह के ब्रांड का नकली शराब मौजूद था. क्वार्टर बोतल से लेकर हाफ और फूल बोतलों में भी नकली शराब भरी पड़ी थी. सभी नकली शराब के बोतलों के ऊपर ओरिजिनल रैपर लगाए गए थे, ताकि उसे बाजार में आसानी से खपाया जा सके.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *