रांची: लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ संपन्न हो गया. सुबह की पहली किरण के साथ ही राजधानी रांची के तमाम छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. व्रती और उनके परिजन पारंपरिक रूप से सूप, दउरा और पूजन सामग्री लेकर घाटों पर पहुंचे. किसी के हाथ में सूप था, तो कोई दउरा लेकर भगवान सूर्य की उपासना में लीन दिखा. जैसे ही सूर्य की लालिमा आसमान में दिखाई देने लगी, व्रतियों ने भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की.
छठ को लेकर सुबह से ही घाटों पर विशेष उत्साह देखने को मिला. परिवार के सदस्य एक-दूसरे का हाथ थामे घाटों तक पहुंचे. व्रतियों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी इस धार्मिक अनुष्ठान के साक्षी बने. कई घाटों पर रात से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था. सुबह होते-होते घाटों पर काफी भीड़ जुट गई. इस दौरान छठ के पारंपरिक गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा. महिलाओं के समूह छठ गीत गाते हुए भगवान सूर्य की आराधना करते नजर आए.
घाटों तक उत्सव का माहौल
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व को लेकर राजधानी में अलग ही रौनक रही. नहाय-खाय से शुरू हुए इस अनुष्ठान में खरना, संध्या अर्घ्य और फिर सोमवार को प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ व्रतियों ने अपना व्रत पूरा किया. इस पर्व की खासियत रही कि रांची में रहने वाले लोगों के साथ दूसरे शहरों और दूर-दराज के इलाकों में रहने वाले परिवार के सदस्य भी छठ मनाने अपने घर लौटे. इससे घरों से लेकर घाटों तक उत्सव का माहौल बना रहा
उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने एक-दूसरे को प्रसाद दिया और परिवार के साथ इस महापर्व का समापन किया. श्रद्धा, आस्था और पारंपरिक लोकगीतों के बीच राजधानी रांची के सभी छठ घाट भक्तिमय नजर आए.










