झारखंड के चतरा जिले के वशिष्ठ नगर थाना क्षेत्र से दर्दनाक सड़क हादसे की घटना सामने आई है. शुक्रवार की सुबह सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई. मृतका की पहचान जोरी खुर्द निवासी कैलाश साहू की 52 वर्षीय पत्नी अंजू देवी के रूप में हुई है.
फूल तोड़कर लौटने के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार अंजू देवी सुबह मॉर्निंग वॉक के साथ पूजा के लिए फूल तोड़कर घर लौट रही थीं. इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। घटना को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा गया. घटना के आक्रोश में ग्रामीणों ने एन एच 22 गया-चतरा सड़क को जाम कर दिया है.
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लिया
सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा कर दिया है.










