प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा की गई टिप्पणी पर राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब कांग्रेस का भगवान ही मालिक है।
कुशवाहा ने कहा कि जिस तरह की अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल राहुल गांधी और कांग्रेस नेता कर रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि पार्टी ने राजनीतिक शालीनता की सारी सीमाएं पार कर दी हैं। उन्होंने कहा ऐसे में कांग्रेस का भविष्य अब भगवान ही संभाल सकते हैं।
सासाराम में वैश्य समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक के दौरान कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का व्यक्तित्व और कार्यशैली आज देश ही नहीं, दुनिया भर में सम्मान पा रही है। उन्होंने कहा वर्तमान समय में प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व के सामने कोई खड़ा नहीं हो सकता। राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री पर की गई टिप्पणी आपत्तिजनक है और इसकी निंदा की जानी चाहिए।
राष्ट्रीय लोक मोर्चा प्रमुख ने आगे कहा कि जिस कांग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री को लेकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया जा सकता है, उस पार्टी के नेताओं से और क्या उम्मीद की जा सकती है। जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।










