शराब घोटाला मामले में कार्रवाई तेज करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने बुधवार को तत्कालीन उत्पाद सचिव और वर्तमान समाज कल्याण विभाग के सचिव मनोज कुमार से पूछताछ की। सूत्रों के अनुसार, यह पूछताछ करीब चार घंटे तक चली। एसीबी ने कुछ दिन पहले ही मनोज कुमार को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया था। नोटिस के बाद वे बुधवार को एसीबी मुख्यालय पहुंचे, जहां उनसे कई बिंदुओं पर विस्तृत सवाल-जवाब किए गए। बताया जा रहा है कि प्रारंभिक पूछताछ में मनोज कुमार कई सवालों के संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। एसीबी ने उन्हें गुरुवार को दोबारा पूछताछ के लिए तलब किया है।
इसी मामले में तत्कालीन उत्पाद सचिव मुकेश कुमार को भी गुरुवार को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। उन्हें पहले ही नोटिस भेजा जा चुका था। वहीं, एसीबी अधिकारियों ने फिलहाल यह जानकारी साझा नहीं की है कि पूछताछ के दौरान मनोज कुमार ने किन सवालों के जवाब दिए और किन पर चुप्पी साधी। जांच एजेंसी गुरुवार को दोनों अधिकारियों से विस्तृत पूछताछ करने की तैयारी में है।










