कानपुर के मूलगंज थाना क्षेत्र के मिश्री बाजार इलाके में बुधवार शाम एक जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) आशुतोष कुमार ने बताया कि मिश्री बाजार में खड़े दो स्कूटरों में अचानक विस्फोट हो गया। यह घटना शाम करीब 7:15 बजे की है।
धमाके में कुल छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें एक महिला भी शामिल है। सभी घायलों का इलाज अस्पताल में चल रहा है और वे खतरे से बाहर हैं।
स्कूटर मालिकों की तलाश जारी, साजिश या हादसा — जांच में जुटी फोरेंसिक टीम
पुलिस अधिकारी ने बताया कि फोरेंसिक टीम मौके पर मौजूद है और घटनास्थल की बारीकी से जांच की जा रही है। स्कूटरों की पहचान कर ली गई है और उन्हें चलाने वाले व्यक्तियों का पता लगाया जा रहा है। उनसे पूछताछ की जाएगी।
संयुक्त पुलिस आयुक्त ने कहा, “यह घटना दुर्घटनावश हुई है या इसके पीछे कोई साजिश है, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो पाएगा।”पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं और मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।










