स्कूल से लौटते वक्त मासूम की मौत: बस में ही टूट गई पांच साल की नित्या की सांसें

Share this News:

उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां स्कूल से लौटते वक्त एक मासूम बच्ची की बस में ही मौत हो गई। यह मामला जिले के रहरा थाना क्षेत्र का है। मृतक बच्ची की पहचान पांच वर्षीय नित्या शर्मा के रूप में हुई है, जो हैदलपुर गांव निवासी देवदत्त शर्मा की छोटी बेटी थी।

नित्या रहरा क्षेत्र के एक निजी विद्यालय में नर्सरी कक्षा की छात्रा थी। सोमवार को वह रोज की तरह स्कूल गई थी और छुट्टी के बाद अन्य बच्चों के साथ स्कूल बस में अपने घर लौट रही थी। इसी दौरान रास्ते में अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। जानकारी के अनुसार, उसे सांस लेने में दिक्कत होने लगी और कुछ ही पलों में उसने बस में ही दम तोड़ दिया।

जब तक साथ बैठे बच्चे कुछ समझ पाते या चालक को जानकारी मिलती, नित्या की हालत गंभीर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और बच्ची को नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के अनुसार, डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में ऑक्सीजन लेवल गिरने को मौत का कारण बताया है। वहीं, रहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉक्टर ने भी इस बात की पुष्टि की है कि हार्ट अटैक का कोई मामला सामने नहीं आया है।

गौर करने वाली बात यह रही कि परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी या चिकित्सीय जांच की मांग नहीं की और बिना पोस्टमार्टम के ही बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया। नित्या दो बहनों में सबसे छोटी थी, और उसकी असामयिक मृत्यु से गांव में शोक की लहर फैल गई है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *