बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड के बड़की पुन्नू के आसपास के जंगलों में दो दिनों से 42 हाथियों का एक बड़ा झुंड देखा जा रहा है, जिसमें तीन नवजात हाथी भी शामिल हैं। इस स्थिति को देखते हुए आसपास के सभी गांवों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और वन विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने की सूचना लाउडस्पीकर के माध्यम से दी जा रही है।
वन विभाग के अधिकारी संदीप शिंदे ने बताया कि इतने बड़े झुंड में नवजात हाथी होने के कारण हाथी आक्रामक हो सकते हैं। साथ ही, बड़ी संख्या के कारण झुंड अलग-अलग दिशाओं में भी फैल सकता है, जिससे सुरक्षा के दृष्टिकोण से खतरा बढ़ जाता है।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने इस क्षेत्र में दो क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) तैनात कर दी हैं। ग्रामीणों को घरों के अंदर रहने और रात के समय बाहर न निकलने की सख्त सलाह दी गई है। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में फील्ड स्टाफ से संपर्क करने की भी हिदायत दी गई है।
वन विभाग ने लोगों से हाथी दिखने पर तुरंत वनक्षकों को सूचित करने का आग्रह किया है। विभाग की टीम लगातार इस क्षेत्र की मॉनिटरिंग कर रही है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।










