मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन नयी दिल्ली में राष्ट्रीय मंच पर झारखंड का डिजिटल रोड मैप पेश करेंगे. झारखंड सरकार आठ और नौ जुलाई को नयी दिल्ली के होटल ताज पैलेस में नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन-2026 का आयोजन कर रही है. मौके पर सरकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआइ), डिजिटल गवर्नेस और आइटी आधारित विकास को लेकर अपनी योजनाओं की जानकारी देगी. उद्घाटन सत्र में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को दिल्ली रवाना हो गए.
रांची आईटी पार्क बनेगा निवेश का नया केंद्र
कार्यक्रम में राज्य में न्यूक्लियर पावर प्लांट लगाने और गोड्डा में सीमेंट प्लांट लगाने के लिए एमओयू भी साइन किए कार्यक्रम में देश-विदेश की करीब 100 अग्रणी टेक्नोलॉजी और आइटी कंपनियों के प्रतिनिधि, नीति निर्माता और तकनीकी विशेषज्ञ भाग लेंगे. राज्य सरकार का उद्देश्य एआइ को बेहतर सेवा पहुंचाने के प्रभावी माध्यम के रूप में स्थापित करना है. कार्यक्रम में पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर रांची आइटी पार्क को निवेश गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया जायेगा. करीब 100.97 एकड़ विवादमुक्त सरकारी भूमि पर प्रस्तावित यह आइटी पार्क राजधानी के कोर कैपिटल एरिया में विकसित होगा.
गोड्डा में लगाया जाएगा अदाणी का सीमेंट प्लांट
राज्य में निवेश के लिए लगभग 10 कंपनियों के साथ एमओयू किये जायेंगे. इसमें गोड्डा में अदाणी पावर द्वारा सीमेंट प्लांट लगाने का एमओयू भी शामिल है. इसके अलावा अमलगम स्टील एंड पावर लि, जिंदल न्यूक्लियर पावर, जिंदल स्टील, जिंदल रिन्यूएबल प्राइवेट लिमिटेड, रुंगटा संस प्रालि, रुंगटा माइंस लि, अंबुजा सीमेंट लिमिटेड, टाटा स्टील लिमिटेड व वरुण बेवरेज के साथ एमओयू होंगे.










