व्हाट्सएप वेडिंग कार्ड बना जाल: राजधानी में एक हफ्ते में दर्जनभर साइबर ठगी के मामले

Share this News:

राजधानी रांची में पिछले 1 सप्ताह के भीतर साइबर ठगी के एक दर्जन से ज्यादा मामले थानों में रिपोर्ट किए गए हैं. किसी का मोबाइल हैक कर तो किसी के एटीएम में जालसाजी कर ये सभी ठगी की गई है. साइबर अपराधी अब व्हाट्सएप पर शादी का कार्ड भेजकर लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं.

शादी का कार्ड भेज उड़ा लिया 2.73 लाख

रांची के हेहल निवासी रामचंद्र से भी साइबर अपराधियों ने इसी तरह का हथकंडा अपनाकर उनका मोबाइल हैक किया, फिर खाते से 2.73 लाख रुपए उड़ लिए. इस संबंध में रामचंद्र ने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

रामचंद्र ने पुलिस को बताया कि 30 अप्रैल को उनके व्हाट्सएप पर एक शादी का कार्ड आया, जिसे वह खोलने के लिए क्लिक किया और उनका मोबाइल हैक हो गया. इस दौरान दो मई को उनके खाते से पांच बार में 2.73 लाख रुपए की अवैध निकासी कर ली गई. फोन पर पैसे निकासी का मैसेज आने के बाद इसकी जानकारी मिली.

एटीएम मशीन में फंसा कार्ड, खाते से उड़ गए 62 हजार

रांची के डोरंडा के रहने वाले रवि शंकर कुमार के खाते से अपराधियों ने 62 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली है. इस घटना को अपराधियों ने उस समय अंजाम दिया, जब रवि शंकर का एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया था. इस संबंध में रवि शंकर ने डोरंडा थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है.

रवि शंकर ने पुलिस को बताया कि तीन मई की शाम कुसई कॉलोनी स्थित एक एटीएम में पैसा निकासी के लिए गए थे. मशीन में कार्ड डालने के बाद फंस गया, लेकिन राशि निकासी का मैसेज आया. काफी प्रयास के बाद भी राशि नहीं निकल सकी. एटीएम में लिखे नंबर पर संपर्क करने पर संबंधित व्यक्ति ने रात आठ बजे एटीएम आने की बात कही. उसी व्यक्ति ने उनका एटीएम निकाल कर उन्हें दिया, लेकिन कुछ देर बाद उनके खाते से 10 हजार और 52 हजार रुपए की अवैध निकासी हो गयी. संबंधित व्यक्ति से मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई तो फोन स्वीच ऑफ था.

मोबाइल चुराकर खाते से उड़ा लिए 1.60 लाख

रांची के रातू निवासी विमल उरांव का मोबाइल चुराकर उनके खाते से 1.60 लाख रुपए की अवैध निकासी कर ली गई. इस संबंध में विमल उरांव ने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. विमल ने पुलिस को बताया कि वह राजधानी ट्रेन में सफाई का काम किया करते हैं. इस दौरान उसका मोबाइल चोरी हो गया. उस मोबाइल में कई कागजात भी थे. नया सिम कार्ड लगाने पर उसमें पैसे की निकासी की सूचना आने लगी.

बिजली बिल अपडेट का झांसा देकर खाते से उड़ाया 65 हजार

रांची के हिनू निवासी शिव प्रसाद से साइबर अपराधियों ने बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर उनके खाते से 65 हजार रुपए की अवैध निकासी कर ली. इस संबंध में शिव प्रसाद ने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. शिव प्रसाद ने पुलिस को बताया कि एक मई को उन्हें एक व्यक्ति ने फोन किया और बिजली बिल अपडेट करने की बात कही. फोनकर्ता ने उन्हें एपीके फाइल उनके व्हाट्सएप पर भेजा. जिसे ओपन करने के बाद उनके खाते से दो बार में 65 हजार की अवैध निकासी कर ली गई.

मोबाइल हैक के जरिए 2.35 लाख की ठगी

रांची के पिस्का नगड़ी के रहने वाली मोनिका कुमारी का मोबाइल हैक कर उनके खाते से 2.75 लाख रुपए की अवैध निकासी कर ली गई है. इस संबंध में नीतीश कुमार ने साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है. नीतीश कुमार ने बताया कि एक मई को उनकी पत्नी का मोबाइल हैक हो गया और खाते से राशि की अवैध निकासी हो गयी. इसकी जानकारी अगले दिन दो मई को खाते की जांच करने पर हुई.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *