सदर अस्पताल में भर्ती को लेकर भटकता रहा मरीज, मरीज की मौत के बाद 2 घंटे तक हंगामा

Share this News:

झारखंड के रांची के सदर अस्पताल में एक मरीज की मौत के बाद इलाज की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. बुढ़मू निवासी संतोष कुमार साहू की मौत को लेकर परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया.

क्या है मामला?
संतोष कुमार साहू को अचानक पेट में तेज दर्द हुआ, जिसके बाद वह मंगलवार की रात करीब 11 बजे खुद गाड़ी चलाकर रांची के सदर अस्पताल पहुंचे. अस्पताल पहुंचने के बाद उन्हें बताया गया कि इमरजेंसी में बेड उपलब्ध नहीं है. चिकित्सा कर्मियों ने उनकी प्राथमिक जांच-पड़ताल करते हुए मरीज को पीलिया बताया, इसके बाद उन्हें पांचवां तल्ला पर वार्ड में एडमिट करने को भेज दिया गया. जब वह वहां गए तो वहां भी उन्हें बिस्तर उपलब्ध नहीं कराया गया. इसके बाद उनके परिजन बाहर के रेडियोलॉजी सेंटर ले जाकर उनका अल्ट्रासाउंड कराया. बुधवार सुबह के बाद उनकी तबियत ज्यादा बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजन उन्हें वापस दिन में एक बजे के करीब अस्पताल में दाखिल कराया.

मौत के बाद परिजनों का हंगामा
अस्पताल के इमरजेंसी में लाने के बाद उनकी मौत हो गई. इसके बाद परिजन ने नाराजगी जताई और मौके पर मौजूद मेडिकल स्टाफ से उपचार में लापरवाही बरतने की शिकायत करने लगे. अस्पताल में दो घंटे तक हंगामा चलता रहा.

उपाधीक्षक पहुंचे, कराया शांत
हंगामा की सूचना पाकर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ विमलेश कुमार सिंह अन्य पदाधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा-बूझाकर शांत कराने की कोशिश की. उन्होंने परिजनों की शिकायत के बाद शव का पोस्टमार्टम कराने को निर्देश दिए. इसके बाद मौके पर मौजूद पवन कुमार साहू, पिता बासुदेव साहू और प्रदीप महतो ने शिकायत वापस ले ली. अस्पताल प्रबंधन ने उनके शव को परिजनों के कहने पर निवास स्थान तक पहुंचाया.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *