झारखंड में भूमिगत कोयला गैसीकरण परियोजना पर ब्रेक, गांव तक पहुंचा हवा का असर

Share this News:

भूमिगत कोयले को गैस में बदलने की देश की पहली पायलट परियोजना के शुरुआती परीक्षण ने वैज्ञानिकों के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है. झारखंड के कास्ता में चल रही इस परियोजना के तहत जमीन के भीतर भेजी गई हवा का असर आसपास के गांव तक पहुंचने और कुएं का पानी गर्म होने की शिकायत मिली थी. ग्रामीणों की शिकायतों के बाद जिला प्रशासन ने जमीनी परीक्षण पर रोक लगा दी थी. अब परियोजना से जुड़े वैज्ञानिक जमीन के भीतर गैस के फैलाव और उसके प्रभाव का नए सिरे से अध्ययन करेंगे. इसके लिए मौजूदा आंकड़ों का विस्तृत जियोफिजिकल विश्लेषण किया जाएगा. इस काम में कनाडा के वैज्ञानिकों की मदद भी ली जाएगी.

हवा का रुख बदलने से बढ़ी चुनौती, गांव तक पहुंचा असर
कोल इंडिया की इस परियोजना में नवंबर में गैस के रिसाव और उसके फैलाव का अध्ययन किया जाना था. इसके लिए जमीन के भीतर हवा भेजकर यह पता लगाने की कोशिश की गई कि गैस किस दिशा में और कितनी दूर तक फैलती है. परीक्षण के दौरान पता चला कि जमीन के भीतर भेजी गई हवा कास्ता गांव की ओर पहुंच गई. इसके बाद ग्रामीणों ने कुएं का पानी गर्म होने और चापाकल व बोरिंग से अपने आप पानी निकलने की शिकायत की. इससे गांव के लोगों में डर का माहौल बन गया. वैज्ञानिकों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती गैस को निर्धारित क्षेत्र के भीतर ही सीमित रखना है. परियोजना से जुड़े विशेषज्ञों का कहना है कि विदेशों में जमीन के भीतर की बनावट और झारखंड की भूगर्भीय स्थिति अलग-अलग है. इसलिए यहां की जमीन को समझने के लिए और विस्तृत अध्ययन जरूरी है. फिलहाल परियोजना क्षेत्र के 150 से 200 मीटर के दायरे में जमीन के भीतर की स्थिति का अध्ययन किया जाएगा.

सीएमपीडीआई मुख्यालय में हुई परियोजना की समीक्षा
पिछले सप्ताह सीएमपीडीआइ मुख्यालय में कास्ता पश्चिम भूमिगत कोयला गैसीकरण पायलट परियोजना की समीक्षा की गई. बैठक में सीएमपीडीआइ, कोल इंडिया और इसीएल के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए. कनाडा की एग्रो एनर्जी टेक्नोलॉजी के निदेशक डॉ माइकल ब्लाइंडरमैन ने परियोजना की मौजूदा स्थिति और अब तक हुई प्रगति की जानकारी दी. बैठक में आगे की जांच और अध्ययन को लेकर भी चर्चा हुई.

कब-कब क्या हुआ
22 जून 2024 को परियोजना के पहले चरण में बोरहोल ड्रिलिंग और कोर टेस्टिंग शुरू हुई. 31 मई 2025 को पहला चरण पूरा हुआ. इसके बाद 20 जून 2025 को दूसरे चरण का काम शुरू किया गया. 28 अक्तूबर 2026 को सीएमपीडीआइ के सीएमडी ने कास्ता पायलट प्लांट का दौरा कर इग्निशन से पहले की तैयारियों की समीक्षा की. सात नवंबर 2026 को ग्रामीणों ने चापाकलों और बोरिंग से अपने आप पानी निकलने तथा कुएं का पानी गर्म होने की शिकायत की.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *