जमशेदपुर में बेकाबू कार का तांडव, दो कारों को मारी टक्कर, अपार्टमेंट का गेट तोड़ बेसमेंट में घुसी

Share this News:

जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना अंतर्गत बाराद्वारी दुर्गापूजा मैदान के समीप शुक्रवार को चालक की लापरवाही से एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया. गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन दो कारें और पास के एक अपार्टमेंट का मुख्य गेट क्षतिग्रस्त हो गया.

घटना के संबंध में मानगो निवासी कार चालक मुन्ना ने बताया कि वह अपनी सफेद रंग की कार (जेएच-22-जी-7727) से अपार्टमेंट से किसी को लेने आया था. इसी क्रम में गाड़ी को आगे बढ़ाने के दौरान अचानक उसका पैर जोर से एक्सीलेटर पर दब गया. इससे कार अनियंत्रित हो गई और दुर्गापूजा मैदान की रेलिंग के पास खड़ी एक लाल रंग की कार (जेएच-05-बीएच-9605) से जा भिड़ी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि खड़ी कार के दोनों दरवाजे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए.

हड़बड़ाहट में जब चालक ने कार को पीछे (बैक) किया, तो गाड़ी सीधे अपार्टमेंट के मुख्य गेट से टकराती हुई बेसमेंट पार्किंग में जा घुसी. इस दौरान अपार्टमेंट के गेट के निचले हिस्से का एंगल टूट गया और गैरेज के गेट को भी नुकसान पहुंचा है. सफेद रंग की कार (जेएच-22-जी-7727) का भी अगला व पिछला हिस्सा (चालक की साइड) का क्षतिग्रस्त हो गया है. अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने बताया कि बारिश के मौसम के कारण वह सामान्य स्थान से कुछ अंदर हटकर बैठा था, जिससे उसकी जान बच गई. अन्यथा वह हमेशा गेट के पास ही खड़ा रहता है. सूचना पाकर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *