झारखण्ड पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा के जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणास्रोत उनकी मां सायरा मुंडा अब इस दुनिया में नहीं रहीं. 93 वर्ष की उम्र में उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. सायरा मुंडा केवल एक मां ही नहीं, बल्कि संघर्ष, सादगी, स्वाभिमान और वात्सल्य की प्रतिमूर्ति थीं. उनके व्यक्तित्व और संस्कारों की छाप अर्जुन मुंडा के जीवन में हमेशा दिखाई देती रही.
अर्जुन मुंडा की दिनचर्या में मां का विशेष स्थान था. वे देश-दुनिया में कहीं भी रहें, सुबह स्नान के बाद पूजा करने से पहले मां को फोन कर उनका हालचाल जरूर लेते थे. मां का आशीर्वाद उनके लिए पूरे दिन की ऊर्जा और प्रेरणा होता था. पर्व-त्योहारों पर उनसे आशीर्वाद लेना और पारंपरिक गीत सुनने की फरमाइश करना भी उनकी दिनचर्या का हिस्सा था.
मां-बेटे के इस आत्मीय रिश्ते की झलक कई बार सार्वजनिक रूप से भी देखने को मिली. कुछ समय पहले अर्जुन मुंडा का एक भावुक वीडियो सामने आया था, जिसमें वे बीमार मां के बिस्तर के पास बैठकर बांसुरी बजा रहे थे. धुन खत्म होने के बाद मां ने कांपते हाथ से उनके सिर पर आशीर्वाद रखा था. वहीं, 90वें जन्मदिन पर साझा किए गए वीडियो में अस्वस्थता के बावजूद सायरा मुंडा करमा पर्व और भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से जुड़े पारंपरिक गीत गुनगुनाती नजर आई थीं.
अर्जुन मुंडा के बचपन में ही पिता का साया उठ गया था. इसके बाद सायरा मुंडा ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत कर परिवार का भरण-पोषण किया और बच्चों को बेहतर संस्कार दिए. बेटे के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचने के बावजूद उन्होंने अपनी सादगी और जीवन मूल्यों को नहीं छोड़ा. वे बेहद व्यावहारिक थीं और पाई-पाई का हिसाब रखती थीं.
फिजूलखर्ची से दूर रहकर छोटी-छोटी बचत से जरूरतमंदों की मदद करना उनकी आदत थी. गरीब बेटियों की शादी में सहयोग देने से लेकर जरूरतमंदों के इलाज में आर्थिक मदद करने तक वे हमेशा आगे रहती थीं.
बेटे-बेटियों और नाती-पोतों से भरे परिवार में सायरा मुंडा सभी के लिए स्नेह और मार्गदर्शन का केंद्र थीं. उनके निधन से परिवार ने अपनी मुखिया और अर्जुन मुंडा ने जीवन की सबसे बड़ी प्रेरणाशक्ति खो दी है. मां की ममता, संघर्ष और दिए गए संस्कार उनके परिवार के साथ-साथ अर्जुन मुंडा के जीवन में हमेशा जीवित रहेंगे.










