23 फरवरी को प्रस्तावित झारखंड के नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। विभिन्न प्रत्याशियों को अलग-अलग राजनीतिक दलों का समर्थन मिल रहा है, वहीं दलों के बीच आदर्श चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी तेज हो गया है।
इस बीच सुप्रियो भट्टाचार्य ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नगर निकाय चुनाव से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखी। प्रेस वार्ता के दौरान झामुमो के चुनाव चिन्ह ‘तीर-धनुष’ से जुड़े बैनर के उपयोग और रांची में तीन नए ओवरब्रिज निर्माण की घोषणा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। गौरतलब है कि नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हैं, ऐसे में विपक्ष ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन बताया है।
भाजपा ने की चुनाव आयोग से शिकायत
मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल सुधीर श्रीवास्तव के नेतृत्व में चुनाव आयोग पहुंचा और औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। प्रतिनिधिमंडल में शामिल नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी के चुनाव चिन्ह का उपयोग कर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया गया है।
भाजपा नेताओं का कहना है कि यदि राजनीतिक दलों को खुले तौर पर चुनाव चिन्ह के साथ प्रचार करना है, तो चुनाव दलीय आधार पर कराए जाने चाहिए थे। प्रतिनिधिमंडल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस का वीडियो साक्ष्य के रूप में पेन ड्राइव में सौंपते हुए कार्रवाई की मांग की है।










