झारखंड विधानसभा बजट सत्र 2026 का दूसरा दिन- सदन में प्रश्नकाल और राज्यपाल अभिभाषण पर बहस

Share this News:

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का आज दूसरा दिन है। 18 फरवरी से शुरू हुआ यह सत्र 19 मार्च तक चलेगा और इसमें कुल 17 कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं। गुरुवार को सदन की पहली पाली में प्रश्नकाल आयोजित होगा, जिसमें सदस्यों के अल्पसूचित और तारांकित प्रश्न लिए जाएंगे तथा सरकार की ओर से उनके उत्तर दिए जाएंगे। इसके साथ ही शून्यकाल की सूचनाएं भी सदन में प्रस्तुत की जाएंगी। दूसरी पाली में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव रखा जाएगा, जिस पर विस्तृत चर्चा और वाद-विवाद होगा।

विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो ने अपने प्रारंभिक संबोधन में कहा कि लोकतंत्र की मजबूती सार्थक संवाद में निहित है। उन्होंने सदस्यों से अपेक्षा की कि सदन में आलोचना और विमर्श तो हो, लेकिन कार्यवाही गरिमा और अनुशासन के साथ संचालित की जाए। उन्होंने कहा कि बहस तथ्यपरक, तर्कसंगत और जनोन्मुखी होनी चाहिए। अध्यक्ष ने बजट सत्र को वर्ष 2026 का अत्यंत महत्वपूर्ण सत्र बताते हुए कहा कि यह केवल आय-व्यय का लेखा-जोखा नहीं, बल्कि राज्य की विकास दिशा तय करने वाला दस्तावेज होता है। इस दौरान सदस्यों को अनुदान मांगों पर चर्चा, कटौती प्रस्तावों के माध्यम से समीक्षा और नीतिगत सुझाव देने का अवसर मिलेगा।

सत्र के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा, जबकि 24 फरवरी को वित्तीय वर्ष 2026-27 का वार्षिक बजट सदन में प्रस्तुत होगा। इधर, राज्य में होने वाले नगर निकाय चुनाव के मद्देनजर 23 फरवरी को प्रस्तावित सदन की कार्यवाही स्थगित कर दी गई है। अब यह कार्यवाही 21 फरवरी को आयोजित की जाएगी।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *