जामताड़ा जिले में झारखंड स्टेट बेवरेजेस कॉरपोरेशन लिमिटेड (JSBCL) से जुड़े कर्मियों को बीते पांच महीनों से वेतन नहीं मिलने का मामला सामने आया है। अगस्त माह के बाद से अब तक भुगतान नहीं होने के कारण कर्मी गंभीर आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, जिससे उनमें भारी आक्रोश व्याप्त है।
कर्मियों का आरोप है कि वेतन भुगतान को लेकर वे कई बार जिला उत्पाद कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही दिया गया। स्थिति यह है कि भुगतान नहीं मिलने से कर्मचारियों के लिए घर-परिवार का खर्च चलाना और बच्चों की पढ़ाई तक प्रभावित हो रही है।
इस मामले को लेकर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष बबीता झा ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा जिन एजेंसियों और कंपनियों को टेंडर दिया गया है, वे कर्मियों को समय पर भुगतान नहीं कर रही हैं। इसका खामियाजा सीधे तौर पर कर्मचारियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर बकाया वेतन का भुगतान सुनिश्चित कराने की मांग की।
कर्मियों ने इस संबंध में उपायुक्त, जामताड़ा को आवेदन देकर शीघ्र भुगतान की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
अब निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि वह इस मामले में JSBCL के खिलाफ क्या कदम उठाता है और कर्मियों को उनका बकाया वेतन कब तक मिल पाता है।
जामताड़ा से संतोष कुमार की रिपोर्ट










