झारखंड की राजधानी रांची में शहर की कमान अब रोशनी खलखो के हाथों में पहुंच गई है. करीब आठ साल बाद शहर को नई मेयर के रूप में रोशनी मिल गई हैं. उनपर नगर की जनता ने अपना विश्वास दिखाया, जिसका नतीजा यह हुआ कि वह 14,363 मतों से विजयी रहीं. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी रमा खलखो को शिकस्त दी है. इस चुनाव में रोशनी को 1,57,669 मत और रमा खलखो को 1,43,306 मत प्राप्त हुए. रोशनी खलखो पहले चरण से ही रमा पर भारी पड़ रही थीं.
पहले राउंड से रमा पर रोशनी पड़ीं भारी
शुक्रवार को शुरू हुई मगणना के पहले राउंड में ही रोशनी खलखो रमा खलखो पर भारी पड़ने लगी थीं. पहले राउंड में रोशनी खलखो को 44,574 मत और रमा खलखो को 31,063 मत मिले थे. वहीं, दूसरे राउंड की मतगणना में रोशनी को 40,208 और रमा को 29,635 वोट मिले. तीसरे राउंड में भी रोशनी और रमा के बीच बड़ा फासला रहा, जो अंत तक जारी रहा. इधर, किरण कुमारी को 14,206, देवी दयाल मुंडा को 11,974, प्रवीण कच्छप को 16,760, विनोद बड़ाइक को 6,843, सुजाता कच्छप को 12,661, सुजीत बिजय आनंद कुजूर को 19,305, सुमन कांत तिग्गा को 6,355, सुरेंद्र लिंडा को 6,784 और सोनू खलखो को 13,018 मत मिले.
प्रत्येक राउंड में बदलता रहा प्रत्याशियों का भाव
मतगणना स्थल पर सभी मेयर प्रत्याशियों की नजर थी. वे सुबह से ही वहां मौजूद थे. मुख्य प्रत्याशी के रूप में रोशनी खलखो और रमा खलखो के भाव प्रत्येक मतदान पेटी के निर्णय के बाद बदल रहे थे. पहले राउंड के अंतर के बाद रमा खलखो को उम्मीद थी कि वह आगे निकल जाएंगी, लेकिन जब दूसरे राउंड में भी रोशनी आगे रहीं तो रमा के चेहरे पर चिंता की लकीरें साफ झलकने लगी थीं.
रांची की नई मेयर का पहला साक्षात्कार
रांची में मेयर पद का चुनाव जीतने के बाद रोशनी खलखो कहा कि यह जीत हमारी नहीं, बल्कि राजधानी रांची के लोगों की जीत है. यह लंबे संघर्ष, धैर्य और जनता के समर्थन का परिणाम है. यह कहते हुए मेयर पद की प्रत्याशी रोशनी खलखो के चेहरे पर जीत की खुशी के साथ-साथ आंखों में आंसू भर आए. उनका गला भर आया. उन्होंने कहा कि रास्ते में कई बाधाएं आईं, लेकिन वे उन बाधाओं को हटाते हुए आगे बढ़ती गईं. उन्होंने कहा कि काफी प्रयासों के बावजूद नगर निगम का चुनाव नहीं कराया गया. राज्य सरकार चुनाव कराने के प्रति उदासीन रही. इसके बाद सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद मैंने हाइकोर्ट में याचिका दायर की. अंततः चुनाव कराने का आदेश आया. इसके बाद लोगों का भरपूर समर्थन मिला.










