रांची के HEC बाईपास रोड पर अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासन की टीम का विरोध, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Share this News:

रांची के HEC बाईपास रोड पर मंगलवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची जिला प्रशासन की टीम को स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. रेलवे की जमीन पर वर्षों से रह रहे लोगों ने कार्रवाई के विरोध में सड़क जाम कर दी. स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाना पड़ा. सड़क जाम के कारण बिरसा चौक से लेकर डीसी के घोड़ा चौक तक वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

बुलडोजर लेकर पहुंची प्रशासन की टीम
जानकारी के अनुसार, बिरसा चौक से सेल सैटेलाइट चौक के पास बाईपास रोड किनारे अतिक्रमण हटाने के लिए जिला प्रशासन की टीम जेसीबी समेत अन्य संसाधनों के साथ पहुंची थी. टीम के पहुंचते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग सड़क पर उतर आये और कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया.

देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गयी. लोगों ने बिरसा चौक से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बिरसा चौक-हरमू जाने वाले रास्ते को जाम कर दिया. इससे डीपीएस स्कूल के पास पेट्रोल पंप के समीप भी जाम की स्थिति बन गयी.

भारी पुलिस बल तैनात
स्थिति को देखते हुए मौके पर रांची पुलिस की भारी संख्या में तैनाती की गयी है. प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने की तैयारी की गयी है, वहीं स्थानीय लोग कार्रवाई रोकने और पुनर्वास की मांग पर अड़े हुए हैं. फिलहाल मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और बड़ी संख्या में लोग जुटे हुए हैं.

वैकल्पिक आवास की मांग
प्रशासन की कार्रवाई का विरोध कर रहे स्थानीय लोगों का कहना है कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं. अगर सरकार उन्हें हटाती है, तो पहले रहने के लिए वैकल्पिक जगह उपलब्ध करायी जाये. लोगों ने सरकार से पुनर्वास की मांग की है.

स्थानीय लोगों के अनुसार, यहां करीब 20 से ज्यादा घर हैं. उनका कहना है कि घर टूटने से उनके सामने रहने के साथ-साथ रोजी-रोटी का भी संकट खड़ा हो जायेगा.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *