बोकारो स्टील प्लांट (BSL) के एसएमएस-2 विभाग में रविवार को हुए गंभीर हादसे में घायल मजदूर बृजेश महथा की शुक्रवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे के बाद धनबाद सांसद ढुल्लू महतो ने बोकारो जनरल अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और बीएसएल प्रबंधन से बातचीत की। इसके बाद नियम अनुसार मृतक के परिजन को नौकरी का नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
हालांकि, सांसद ढुल्लू महतो ने सिर्फ राहत कार्यों को नाकाफी बताते हुए बीएसएल की कार्यशैली पर तीखा सवाल उठाया। उन्होंने कहा, सेल प्रबंधन केवल प्रोडक्शन बढ़ाने पर जोर दे रहा है, जबकि मजदूरों की जान जा रही है। हादसों को लेकर कोई ठोस सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जा रहे।
सांसद ने आरोप लगाया कि बिना प्रशिक्षण के मजदूरों से खतरनाक काम कराया जा रहा है, जिससे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। केवल नौकरी दे देना समस्या का समाधान नहीं है। इस पूरी घटना की उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए।
उन्होंने सेल चेयरमैन की भूमिका पर भी सवाल खड़े करते हुए उन्हें इस लापरवाही के लिए सबसे बड़ा जिम्मेदार बताया।
उल्लेखनीय है कि बीते रविवार को हॉट मेटल से भरे मिक्ष्चर क्रेन की रस्सी टूट जाने के कारण तीन मजदूर हाई फ्लेम की चपेट में आ गए थे। सभी को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां बृजेश महथा की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से मजदूरों में रोष और भय का माहौल है।










