Share this News:‘अब कभी विधायक नहीं बनेंगे’, अनंत सिंह का बड़ा बयान, JDU से भी तोड़ा नाताShare this News:
अनंत सिंह का बड़ा सियासी ऐलान, JDU से हमेशा के लिए किनारा, अब लोकसभा चुनाव पर नजर

बेटी की शादी की शहनाइयों के थमते ही मोकामा के विधायक अनंत सिंह ने बिहार की सियासत में नया धमाका कर दिया है. सरेंडर कर सलाखों के पीछे जाने से ठीक पहले उन्होंने अपने अगले सियासी ठिकाने और इरादों का पत्ता खोल दिया है. दो टूक लहजे में उन्होंने जहां जनता दल यूनाइटेड से हमेशा के लिए किनारा करने का ऐलान किया, वहीं विधानसभा की राजनीति को अलविदा कहकर लोकसभा की तरफ रुख करने के साफ संकेत दे दिए हैं.
अनंत सिंह ने साफ कर दिया है कि वे भविष्य में कभी विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे. इसके पीछे उन्होंने बेहद अनोखा और देसी तर्क दिया है. उनका कहना है कि विधायक बनने के बाद रहने के लिए जो छोटा आवास या फ्लैट मिलता है, वहां वे अपने क्षेत्र से आने वाले लोगों को ठीक से पानी तक नहीं पिला पाते. इसी असहजता का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अगर आगे कभी चुनावी मैदान में उतरने का मन बना, तो वे सीधा लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे.
पार्टी से छह साल के लिए निष्कासित किए जाने के मुद्दे पर अनंत सिंह के तेवर बेहद सख्त नजर आए. जेडीयू में दोबारा लौटने की किसी भी अटकल को खारिज करते हुए उन्होंने अपनी चिरपरिचित शैली में कहा कि जब पार्टी ने बाहर का रास्ता दिखा दिया है, तो वे अब पीछे मुड़कर नहीं देखेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि निष्कासन के बाद वे हर तरह के राजनीतिक दबाव से मुक्त हो गए हैं. पार्टी नेतृत्व पर तंज कसते हुए अनंत सिंह ने दावा किया कि नीतीश कुमार के दौर वाली बात अब जेडीयू में नहीं रही और अगले विधानसभा चुनाव में पार्टी को 10 सीटें हासिल करना भी मुश्किल होगा.
दुलारचंद यादव हत्याकांड में सुप्रीम कोर्ट से जमानत रद्द होने के बाद अनंत सिंह को बेटी शिवांगी की शादी के लिए अस्थायी राहत मिली थी. शादी संपन्न होने के बाद अब यह मोहलत खत्म हो रही है. उन्होंने बताया कि तय समय के मुताबिक वे चार दिसंबर 2026 को अदालत में आत्मसमर्पण करेंगे. समर्थकों का आभार जताते हुए उन्होंने संकेत दिया कि जेल से बाहर आने के बाद वे बिहार का दौरा करेंगे और उसी के बाद अपनी नई राजनीतिक पारी की रूपरेखा तय करेंगे.
Subscribe to Our Newsletter
Keep in touch with our news & offers









