अनंत सिंह की बेटी की शादी में शाही इंतजाम, 6 हेलीपैड से लेकर 5 लाख लोगों के भोज तक की तैयारी

Share this News:

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की आज (बुधवार) शादी होगी. इस शाही शादी को लेकर पिछले कई दिनों से तैयारियां की जा रही थीं. तिलक समारोह, हल्दी सेरेमनी और मेहंदी-संगीत के बाद अब शादी का दिन आ गया है. नदवां गांव में शादी को लेकर भव्य पंडाल बनाया गया है. बिहटा से शिवांगी की बारात आएगी.

संगीत वाले दिन नीलम देवी ने जमाया रंग
इससे एक दिन पहले (मंगलवार) मेहंदी और संगीत हुआ. शिवांगी गोल्डेन कलर के आउटफिट में दिखीं. उन्होंने अपने भाइयों के साथ कई तस्वीरें खिंचवाई. इसके अलावा अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी का अलग अंदाज देखने के लिए मिला. ‘मेहंदी लगा के रखना’ गाने पर जमकर डांस किया. सोफे पर बैठे-बैठे उन्होंने संगीत में रंग जमा दिया. इससे जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

शादी को लेकर खास तैयारियां
शिवांगी की भव्य शादी की चर्चा खूब हो रही है. बाढ़ के नदवां गांव में 10 बीघे में पंडाल बनाया गया है. शादी में 4 से 5 लाख लोग शामिल हो सकते हैं. अनंत सिंह ने अपनी बेटी की शादी के लिए अपने परिवार, दोस्त, परिचित, बॉलीवुड-भोजपुरी के कलाकार से लेकर राजनीतिक नेताओं को आमंत्रित किया गया है. वीवीआईपी गेस्ट के लिए 6 हेलीपैड भी तैयार किया गया है. ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था को सुबह से ही हाई अलर्ट मोड में रखा गया है.

शादी के लिए शाही भोज की तैयारी
जानकारी के मुताबिक, शादी के लिए शाही भोज की भी तैयारी की गई है. 5 लाख लोगों के खाने की व्यवस्था है. खाने में 150 तरह के आइटम तैयार किए जा रहे हैं. मिठाईयां बनाकर तैयार कर ली गई हैं. 10 बीघे में महल के जैसा पंडाल लगाया गया है और जयमाला के लिए ऊंचा और बेहद खास स्टेज तैयार किया गया है.

घुड़दौड़ प्रतियोगिता होगी आयोजित
शादी को लेकर एक और खास चीज, जिसकी ज्यादा चर्चा हो रही है, वह है घुड़दौड़ प्रतियोगिता. घुड़दौड़ में शामिल होने के लिए कई नामी और चर्चित घोड़े नदवां पहुंचे हैं. अनंत सिंह खुद घोड़े के शौकीन हैं, इसलिए यह प्रतियोगिता खास मौके पर कराई जा रही है. गौर करने वाली बात यह है कि इस प्रतियोगिता में जीतने वाले को थार गिफ्ट किया जाएगा. इसके अलावा बाइक और स्कूटी भी दी जाएगी.

ऋषिकेश के साथ शिवांगी लेगी फेरे
अनंत सिंह की बेटी की शादी ऋषिकेश कुमार के साथ होगी. वह पटना जिले के बिहटा के कृष्णा नगर निवासी हैं. ऋषिकेश ने अमेरिका के अटलांटा स्थित जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी से एमबीए की पढ़ाई की है. वह पिछले करीब 11 सालों से अमेरिका में रहकर नौकरी कर रहे हैं. ऐसे में आज दोनों शादी के बंधन में बंधेंगे.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *