Ranchi: झारखंड विधानसभा में एमएमडीआर (Mines and Minerals (Development and Regulation) Act) को लेकर संकल्प प्रस्ताव आने के साथ ही राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा होने जा रहा है. इस मुद्दे पर सदन के भीतर और बाहर सत्ता पक्ष तथा विपक्ष के बीच तीखी बहस लगातार हो रही है. एक तरफ BJP इस कानून को खनिज संपदा वाले राज्यों के हित में बताती है, तो दूसरी तरफ सत्ताधारी JMM, कांग्रेस और राजद इसे राज्यों के अधिकारों तथा प्राकृतिक संसाधनों पर नियंत्रण से जोड़कर विरोध कर रहे हैं.
सत्ता पक्ष का विरोध: खनिज झारखंड का, तो राजस्व पर नियंत्रण भी राज्य का हो
हेमंत सोरेन सरकार की सबसे बड़ी आपत्ति MMDR संशोधन अधिनियम, 2026 की धारा 9डी को लेकर है.
- इस प्रावधान के तहत खनिज अधिकारों और खनिज धारित भूमि पर राज्य सरकार की ओर से लगाए जाने वाले कर, उपकर और अन्य शुल्क केंद्र सरकार की ओर से निर्धारित शर्तों और प्रतिबंधों के अधीन हो सकते हैं. राज्य सरकार इसे अपने वित्तीय और विधायी अधिकारों में हस्तक्षेप मान रही है.
- सत्ता पक्ष की दलील है कि झारखंड देश के प्रमुख खनिज उत्पादक राज्यों में शामिल है. यहां कोयला, लौह अयस्क, बॉक्साइट, तांबा, यूरेनियम और अन्य खनिजों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है, लेकिन खनन का सबसे बड़ा बोझ भी इसी राज्य को उठाना पड़ता है. खनन के कारण विस्थापन, पर्यावरण प्रदूषण, जल स्रोतों पर असर और स्थानीय आधारभूत संरचना पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है. ऐसे में खनिज से मिलने वाले राजस्व का एक हिस्सा स्थानीय विकास, सामाजिक सुरक्षा और खनन प्रभावित परिवारों के कल्याण पर खर्च होना चाहिए.
- मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की आपत्ति भी इसी आधार पर है. उनका कहना है कि यह केवल राजस्व का मामला नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन पर राज्य के अधिकार तथा झारखंड राज्य गठन के पीछे रहे संघर्ष की भावना से जुड़ा सवाल है. सरकार इसे केंद्र और राज्यों के बीच संवैधानिक अधिकारों के संतुलन का मामला बता रही है.
BJP का तर्क: राज्यों का राजस्व नहीं छिनेगा, खनन व्यवस्था होगी मजबूत
दूसरी ओर BJP इस संशोधन को राज्यों के खिलाफ नहीं मानती. पार्टी का कहना है कि…
- MMDR कानून पूरे देश के खनन क्षेत्र को ध्यान में रखकर बनाया गया है. इसे केवल झारखंड के संदर्भ में देखना सही नहीं है.
- BJP और केंद्र सरकार की सबसे बड़ी दलील यह है कि संशोधन से राज्यों के खनिज और भूमि संबंधी अधिकार खत्म नहीं होते. खनन से मिलने वाले राजस्व का बड़ा हिस्सा पहले की तरह राज्यों को ही मिलता रहेगा.
- केंद्रीय खान मंत्रालय के अनुसार खनन से जुड़े कुल कर और वैधानिक भुगतानों का लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा राज्यों को प्राप्त होता है और संशोधन के बाद भी यह व्यवस्था जारी रहेगी. राज्यों के पास रॉयल्टी, नीलामी प्रीमियम, डीएमएफ, जीएसटी और अन्य शुल्कों से राजस्व प्राप्त करने के रास्ते बने रहेंगे.
- BJP का तर्क है कि खनिजों पर अलग-अलग राज्यों की ओर से अत्यधिक और असमान कर लगाने से खनन उद्योग की लागत बढ़ती है. इससे घरेलू खनिज महंगे होते हैं और उद्योग आयात की ओर रुख कर सकते हैं. भारत पहले ही बड़ी मात्रा में खनिजों का आयात करता है. ऐसे में कर व्यवस्था में स्थिरता और एकरूपता जरूरी है, ताकि निवेश बढ़े, उत्पादन में तेजी आए और देश की खनिज जरूरतों को घरेलू स्तर पर पूरा किया जा सके.
असली विवाद: 2024 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद क्या बदला?
इस पूरे विवाद को समझने के लिए जुलाई 2024 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को भी समझना जरूरी है. सुप्रीम कोर्ट की नौ सदस्यीय संविधान पीठ ने Mineral Area Development Authority बनाम Steel Authority of India मामले में स्पष्ट किया था कि राज्यों को खनिज अधिकारों पर कर लगाने की विधायी शक्ति है. कोर्ट ने रॉयल्टी को टैक्स नहीं माना था. इस फैसले के बाद खनिज संपदा वाले राज्यों के लिए अतिरिक्त राजस्व जुटाने का रास्ता खुला था. झारखंड ने भी इसी आधार पर 2024 में झारखंड खनिज धारित भूमि उपकर अधिनियम बनाया. इसके तहत कोयला, लौह अयस्क और दूसरे खनिजों पर उपकर वसूला जा रहा है.










