झारखंड पुलिस सेवा के नौ सीनियर डीएसपी को आईपीएस रैंक में प्रोन्नति मिली है। जल्द ही गृह कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा इससे संबंधित आदेश जारी कर दिया जायेगा। मिली जानकारी के मुताबिक श्रीराम समद, रोशन गुड़िया, अविनाश कुमार, राजेश कुमार, मजरूल होदा, दीपक कुमार-एक को सीनियर डीएसपी से आईपीएस रैंक में प्रोन्नति दी गयी है। वहीं जेपीएससी के दूसरे बैच के राधाकृष्ण किशोर, मुकेश महतो और शुवेंदु को कंडिशनल प्रोन्नति दी गई है।
मालूम हो कि झारखंड पुलिस में एसपी रैंक के अधिकारियों की संख्या में जल्द ही बढ़ोतरी होने वाली है। फ़िलहाल 2012 से लेकर 2021 बैच तक एसपी रैंक के आईपीएस अधिकारियों की संख्या 71 है, जिनमें से 10 अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। वहीं अब नौ सीनियर डीएसपी की प्रोन्नति के बाद झारखंड पुलिस में एसपी रैंक के आईपीएस अधिकारियों की संख्या बढ़कर 80 हो जाएगी।
वहीं, जनवरी 2026 में 2012 बैच के चार आईपीएस अधिकारी को डीआईजी रैंक में प्रोन्नति मिल जाएगी। इसके बाद, वर्ष 2026 से झारखंड में एसपी रैंक के आईपीएस अधिकारियों की संख्या घटकर 76 रह जाएगी। देखा जाये तो झारखंड पुलिस सेवा में जल्द ही एक बड़ा संगठनात्मक और पदोन्नति संबंधी फेरबदल देखने को मिल सकता है।
राज्य में एसपी रैंक के आईपीएस अधिकारियों की संख्या में वृद्धि के साथ-साथ विभिन्न स्तरों पर कुल 16 आईपीएस अधिकारियों को पदोन्नति दी जाने वाली है, जिसमें एडीजी, आईजी, डीआईजी और एसपी से सेलेक्शन ग्रेड तक की पदोन्नतियां शामिल हैं।










