SIR और MMDR पर दो दिन घमासान: झारखंड विधानसभा के विशेष सत्र में सत्ता पक्ष-विपक्ष आमने-सामने

Share this News:

झारखंड विधानसभा का दो दिवसीय विशेष सत्र बुधवार से शुरु हो रहा है. इस सत्र में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन अधिनियम और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर विशेष चर्चा होगी.

सत्ता पक्ष ने इन दोनों मामलों में केंद्र सरकार की घेराबंदी की तैयारी कर रखी है. दोनों मामलों में झारखंड विधानसभा से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा जा सकता है. इधर, विपक्ष ने भी सरकार को करारा जवाब देने के लिए मोर्चाबंदी कर रखा है. पहले दिन एसआइआर और दूसरे दिन एमएमडीआर पर होने वाली चर्चा को लेकर राज्य सरकार ने तर्कों तथा तथ्यों के साथ संकल्प प्रस्ताव तैयार किया है.

इन दोनों सवालों पर पहले से सत्तारूढ़ दलों और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप चलता रहा है. एमएमडीआर के खिलाफ झारखंड मुक्ति मोर्चा ने राज्यव्यापी आंदोलन का रुख भी अख्तिय़ार किया था. सरकार का पक्ष है कि एमएमडीआर संशोधन कानून केवल झारखंड के खनिज राजस्व पर हमला नहीं है, बल्कि यह राज्यों के संवैधानिक अधिकार और वित्तीय स्वायत्तता को कमजोर करने का प्रयास भी है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कई मौके पर इस संशोधन विधेयक को राज्य के हित और अधिकार पर हमला करार देते रहे हैं. इसके साथ ही वे कह चुके हैं कि इस संशोधन का लोकतांत्रिक, संवैधानिक और कानूनी तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा. एक बयान में उन्होंने कहा था कि अगर केंद्र सरकार ने यह काला बिल वापस नहीं लिया तो झारखंड ऐसा बड़ा आंदोलन करेगा, जिसे पूरा देश देखेगा. सोरेन यह भी कह चुके हैं कि एमएमडीआर संशोधन एक्ट से झारखंड की खनिज धारित भूमि पर कर और उपकर लगाने की शक्ति सीमित हो सकती है. इसका सीधा असर राज्य के राजस्व तथा सामाजिक, कल्याणकारी योजनाओं पर पड़ेगा.

मंगलावर को कांग्रेस विधायकों की इन दोनों मुद्दे पर हुई बैठक में सदन के अंदर प्रभावी ढंग से बातें रखने और केंद्र सरकार के खिलाफ हमला बोलने पर चर्चा हुई. विधायक दल के नेता प्रदीप यादव कहते हैं, “यह विशेष सत्र कोई राजनीतिक स्टंट नहीं है. झारखंड के हक अधिकार को लेकर केंद्र के रवैये का सदन में विरोध करने का मौका है. विशेष सत्र में एमएमडीआर के संशोधन के खिलाफ पूरी मजबती से राज्य सरकार का पक्ष रखा जायेगा. सदन में बीजेपी की बोलती बंद कर देंगे. राज्य सरकार सदन के माध्यम से संशोधन एक्ट रद्द करने की मांग को लेकर प्रस्ताव पारित कराकर केंद्र को भेजेगी.”

दूसरी तरफ भाजपा भी सरकार और सत्तारूढ़ दलों के आरोपों का लगातार जवाब देती रही है. केंद्रीय स्तर पर भी झारखंड सरकार का विरोध बहस के केंद्र में रहा है. संशोधन एक्ट का विरोध किये जाने के बाद भाजपा के कई केंद्रीय नेताओं ने पूर्व में झारखंड आकर केंद्र सरकार का पक्ष रखा है और इसे राज्यों के हित में बताया है. लिहाजा इस मुद्दे पर विशेष सत्र में दोनों पक्षों के बीच हंगामे के भी आसार हैं. वैसे एमएमडीए के मसले पर केंद्र झारखंड की मांग पर कोई पुनर्विचार करेगी या सुनेगी इसकी संभावना भी कम है. जाहिर तौर पर यह मुद्दा केंद्र-राज्य के बीच पॉलिटिकल टसल बनकर ही रह जाना है.

इससे पहले सोमवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों की अलग-अलग बैठकों में एमएमडीआर और एसआइआऱ पर बहस के लिए रणनीति तय की गयी थी. सत्ता पक्ष के विधायकों की बैठकों में यह बात सामने आयी है कि एसआइआर पुनरीक्षण के दौरान बड़ी संख्या में मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए हैं. जबकि कई मामलों में सुनवाई बाकी है. जल्दबाजी में प्रक्रिया पूरी करने से आदिवासी और वंचित वर्ग के मतदाताओं के अधिकार प्रभावित होने की आशंका है.

गौरतलब है कि एसआइआर को लेकर पिछले कुछ हफ्तों में दिल्ली में बड़े दायरे के विरोध प्रदर्शन किये जा चुके हैं. राहुल गांधी समेत इंडिया गठबंधन के नेता एसआइआर और चुनाव की प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुकत के इस्तीफे की मांग पर भी अड़े रहे हैं.

लिहाजा सत्तारूढ़ कांग्रेस, झामुमो राजद और भाकपा माले एसआइआर के मुद्दे पर सदन में विसंगतियां बताने का भरसक प्रयास करेंगे. हालांकि भाजपा विधायकों की सोमवार को हुई बैठक के बाद विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और प्रदेश अध्यक्ष विशेष सत्र को सत्ता पक्ष का राजनीतिक स्टंट बता चुके हैं. भाजपा का दावा है कि इन दोनों मुद्दों पर पार्टी सदन में भी सरकार को करारा जवाब देगी. राज्य सरकार खान-खनिज पर चोरी रोकने के बजाय केंद्र सरकार पर तथ्यहीन आरोप मढ़ रही है. क्योंकि यह संशोधन सिर्फ झारखंड के लिए नहीं हुआ है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *