अवैध कफ सिरप कारोबार पर कार्रवाई, रांची पुलिस SIT ने सैली ट्रेडर्स के 3 ठिकानों पर मारा छापा

Share this News:

अवैध कफ सिरप कारोबार की जांच में रांची पुलिस की स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम यानी एसाईटी ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए तुपुदाना इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सैली ट्रेडर्स के तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की. कार्रवाई में पुलिस ने बड़ी मात्रा में दस्तावेज, ब्लैंक चेक और दो हथियार बरामद किए हैं.

बरामद दस्तावेजों से अंतरराज्यीय मनी ट्रेल और कफ सिरप सप्लाई चेन के कई अहम सुराग मिले हैं. सिटी डीएसपी केवी रमन के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने यह छापेमारी सैली ट्रेडर्स की दुकान, गोदाम और कर्मियों के रेंटल मकान पर की. जैसे ही टीम मौके पर पहुंची, इलाके में हड़कंप मच गया. पुलिस ने गोदाम में रखे सभी दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और कई अहम कागजात जब्त कर अपने साथ ले गई.

बंगाल और यूपी से जुड़ा नेटवर्क

प्रारंभिक जांच में एसआईटी को बंगाल और उत्तर प्रदेश से कफ सिरप सप्लाई के इंटरस्टेट नेटवर्क के प्रमाण मिले हैं. जब्त दस्तावेजों में लेनदेन से जुड़े ऐसे सबूत मिले हैं, जो इस अवैध कारोबार के अंतरराज्यीय स्वरूप की पुष्टि करते हैं. रांची पुलिस का कहना है कि जब्त कागजात की विस्तृत जांच जारी है.

ईडी ने भी की थी कार्रवाई

बताया जा रहा है कि इसी सैली ट्रेडर्स पर इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने भी छापा मारा था. ईडी की जांच में बांग्लादेश, नेपाल, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से संबंधों के खुलासे हुए थे. अब रांची पुलिस की एसआईटी उसी मामले को लेकर और गहराई से जांच कर रही है.

एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई टीम

रांची एसएसपी राकेश रंजन ने अवैध कफ सीरप कारोबार की सूचना मिलने के बाद सिटी डीएसपी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था. टीम की कार्रवाई मंगलवार सुबह 11 बजे शुरू हुई. सिटी डीएसपी केवी रमन ने बताया कि अब तक की जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई हैं और इन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *