ISIS मॉड्यूल का भंडाफोड़, रांची से मास्टरमाइंड गिरफ्तार

Share this News:

झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार ISIS Module (आतंकी मॉड्यूल) के सरगना असर दानिश समेत 2 संदिग्ध आतंकवादियों को कोर्ट ने 12 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है. झारखंड एटीएस और दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश के अलग-अलग हिस्सों में छापेमारी करके 5 संदिग्ध आतंकवादियों असर दानिश, सूफियान अबूबकर खान, आफताब अंसारी, हुजैफा यमन और कामरान कुरैशी गिरफ्तार किया. इन्हें गुरुवार को नयी दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने इनमें से 2 को पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया.

दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और केंद्रीय एजेंसियों द्वारा कई राज्यों में समन्वित छापेमारी के बाद पाकिस्तान स्थित एक आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया. 5 संदिग्ध आतंकवादियों को गिरफ्तार किया गया. एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि यह मॉड्यूल देश में बड़ा हमला करने की योजना बना रहा था. अधिकारी ने बताया कि इस मॉड्यूल के मास्टरमाइंड की पहचान असर दानिश के रूप में हुई है. उसे झारखंड के रांची से गिरफ्तार किया गया.

उन्होंने बताया कि 2 संदिग्धों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया. मुंबई निवासी आफताब और सूफियान को मंगलवार को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि मुजपा को तेलंगाना से गिरफ्तार किया गया, जबकि एक और आतंकवादी कामरान को भी गिरफ्तार किया गया है.

उन्होंने बताया कि रांची से गिरफ्तार मॉड्यूल का सरगना दानिश को सीईओ, गजबा और प्रोफेसर जैसे विभिन्न नामों से जाना जाता था. यह छापेमारी खुफिया जानकारी मिलने के बाद की गयी, जिसमें संकेत मिला था कि एक मॉड्यूल देश में बड़े आतंकवादी हमले की योजना बना रहा है. एजेंसी पिछले 6 महीने से उन पर नजर रख रहे थे.

उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में रसायन, बॉल बेयरिंग और ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) बनाने में प्रयुक्त अन्य सामग्री बरामद की गयी. उन्होंने कहा कि पुलिस दलों ने आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाले पुर्जे और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किये हैं. सोडियम बाइकार्बोनेट समेत कई रसायन, गैस मास्क, बिजली के केबल, फ्यूज प्वाइंट, तार और अन्य बिजली के उपकरण जब्त किये गये हैं.

पुलिस ने यह भी बताया कि रांची में दानिश के ठिकाने पर छापेमारी में रसायन और अन्य सामग्री बरामद हुई, जिनका इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में होने का संदेह है. पुलिस ने कहा, ‘प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि मॉड्यूल पाकिस्तान में अपने संचालकों (हैंडलर्स) के संपर्क में था और बड़े पैमाने पर हमले की तैयारी कर रहा था.’

पुलिस ने बताया कि ये संचालक बातचीत के लिए केवल सोशल मीडिया मंचों का इस्तेमाल करते थे. गिरफ्तार संदिग्धों से उनके नेटवर्क, वित्त पोषण और संभावित ठिकानों का पता लगाने के लिए पूछताछ जारी है. केंद्रीय एजेंसियां ​​अब उनके संपर्कों और संभावित अंतरराष्ट्रीय संबंधों का पता लगाने के लिए उनसे जब्त डिजिटल उपकरणों का विश्लेषण कर रही हैं. पुलिस ने कहा कि इन गिरफ्तारियों से देश में संभावित आतंकवादी हमले को रोका गया है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *