रांची : झारखंड को मजबूत और समावेशी विकास की दिशा में आगे ले जाने के लिए राज्य सरकार लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में आज झारखंड मंत्रालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नगर विकास एवं आवास विभाग के नवचयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। साथ ही झारखंड पर्यटन विभाग और झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के नए लोगो और आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि राज्य का सर्वांगीण विकास उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि हम हर सेक्टर में निरंतर कार्य कर रहे हैं। नियुक्तियों के माध्यम से प्रशासनिक ढांचे को मजबूत किया जा रहा है, ताकि जनता को बेहतर सेवाएं मिल सकें ।
मुख्यमंत्री सोरेन ने नव नियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा आज से आप सरकार के अभिन्न अंग बन गए हैं। आपसे अपेक्षा है कि पूरी निष्ठा और कुशलता के साथ राज्य के नगरीय विकास में अपना योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि शहरी आबादी में तेज़ी से हो रही वृद्धि के मद्देनज़र शहरों का सुनियोजित विकास अत्यंत आवश्यक है। अगर शहर अनियोजित तरीके से फैलेंगे तो उसके दुष्परिणाम झेलने पड़ेंगे, जिनका समाधान करना चुनौतीपूर्ण होगा मुख्यमंत्री ने आगाह किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध राज्य है, लेकिन लंबे समय तक यह क्षेत्र विकास से वंचित रहा। हमारी सरकार इस स्थिति को बदलने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि आज हमने झारखंड टूरिज्म का नया लोगो और वेबसाइट लॉन्च किया है, जो राज्य की पर्यटन क्षमता को देश-दुनिया के सामने लाने में मददगार साबित होगा ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पर्यटन क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए सरकार कई योजनाओं पर काम कर रही है। इससे न सिर्फ राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी बल्कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा और ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए अवसर भी मिलेंगे ।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार का विशेष फोकस पर्यटन क्षेत्र पर है, क्योंकि यह क्षेत्र आर्थिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक पहचान को भी मजबूत करता है। पर्यटन जितना फलेगा-फूलेगा, उतने ही ज्यादा रोज़गार और अवसर राज्य के लोगों को मिलेंगे। इसका लाभ सीधे तौर पर उन ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों को मिलेगा जो अभी तक विकास की मुख्यधारा से दूर हैं।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, नगर विकास विभाग के पदाधिकारी, नव नियुक्त कर्मी और पर्यटन विभाग से जुड़े प्रतिनिधि मौजूद रहे।










