झारखंड में चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर, 14 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

Share this News:

रांची: बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ का असर झारखंड के मौसम पर भी देखने को मिलेगा. हालांकि, यह तूफान झारखंड में सीधे प्रवेश नहीं करेगा, लेकिन आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तटीय क्षेत्रों की ओर बढ़ने के कारण इसके प्रभाव से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव होने की संभावना जताई गई है.

रांची मौसम केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि 19 नवंबर से 22 नवंबर तक पूरे राज्य में बादल छाए रहेंगे और रुक-रुक कर बारिश होगी. इसका सबसे ज्यादा असर 20 नवंबर और 21 नवंबर को दिखेगा. इसको देखते हुए राज्य के 14 जिलों के लिए भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है.

आज इन इलाकों में दिखेगा असर

मौसम वैज्ञानिक के मुताबिक, आज 19 नवंबर को इस तूफान का असर झारखंड के दक्षिणी और मध्य भागों में दिखने लगेगा. दोपहर बाद से आसमान में बादल छाने लगेंगे. इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश और मेघ गर्जन होने की भी संभावना है. हालांकि, आज किसी तरह का अलर्ट जारी नहीं किया गया है. आज इसका असर रांची, बोकारो, पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम समेत कुछ स्थानों पर देखने को मिलेगा.

20 और 21 नवंबर को इन जिलों के लिए अलर्ट

20 नवंबर को राज्य के अनेक स्थानों पर बारिश के साथ मेघ गर्जन की प्रबल संभावना है. मौसम केंद्र ने दक्षिणी और मध्य झारखंड के सात जिलों रांची, लोहरदगा, गुमला, खूंटी, रामगढ़, बोकारो और धनबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

​21 नवंबर को सिस्टम के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने से इस दिन धनबाद के साथ-साथ संथाल परगना और उत्तर-पूर्वी जिलों देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज में कहीं-कहीं भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. 22 नवंबर से तूफान का असर कमजोर पड़ने लगेगा. राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है, जबकि सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा छाया रहेगा. 23 नवंबर से मौसम साफ होने लगेगा.

दिन में बढ़ेगी ठंड, रात का पारा चढ़ेगा

वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के मुताबिक, घने बादलों और बारिश के कारण अगले दो से तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 26 डिग्री से गिरकर 24 डिग्री तक आ सकता है, जिससे दिन में ठंडक बढ़ेगी. वहीं, रात के न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होगी और यह 12 डिग्री से बढ़कर 16-17 डिग्री के आसपास रहेगा. 24 नवंबर को आसमान पूरी तरह साफ होने के बाद एक बार फिर कनकनी बढ़ेगी.

खराब मौसम और मेघ गर्जन की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने को कहा है. गर्जन के समय सुरक्षित स्थान पर रहने, पेड़ों के नीचे खड़े न होने और किसानों को अपनी तैयार फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की सलाह दी गई है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *