रांची के सेल सिटी में हाई वोल्टेज ड्रामा, 9वीं मंजिल की रेलिंग पर चढ़ा युवक, 5 घंटे बाद सुरक्षित उतारा गया

Share this News:

रांची: राजधानी रांची के पुंदाग ओपी थाना क्षेत्र स्थित सेल सिटी में मंगलवार की रात एक युवक को लेकर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ. युवक अचानक टावर की नौवीं मंजिल की रेलिंग पर चढ़ गया. ऊपर चढ़ने के बाद कई बार ऐसी स्थिति बनी कि लगा कि अब वह नीचे गिर जाएगा. पूरे मामले में पुंदाग ओपी प्रभारी संजीव ने हिम्मत दिखाते हुए युवक को सुरक्षित नीचे उतारा.

मची अफरा-तफरी

युवक के चढ़ने की खबर फैलते ही सोसाइटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. तुरंत मामले की जानकारी थाने को दी गई. जिसके बाद असली ड्रामा शुरू हुआ. युवक को नीचे उतारने के लिए सुरक्षा कर्मियों को करीब पांच घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी. देर रात लगभग 12 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार की रात एक युवक अचानक टावर की नौवीं मंजिल की रेलिंग पर चढ़ गया. काफी देर तक युवक के नीचे नहीं उतरने पर सोसाइटी के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने युवक को समझाने और सुरक्षित नीचे लाने का प्रयास शुरू किया. इस बीच घटना की जानकारी मिलते ही सेल सिटी के लोग अपने-अपने घरों से बाहर निकल आए. देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई.

पांच घंटे तक अटका रहा युवक

नौवीं मंजिल पर युवक के मौजूद रहने के कारण हर कोई उसकी सुरक्षा को लेकर चिंतित रहा. सुरक्षा कर्मी लगातार उसे समझाने में जुटे रहे. युवक को किसी तरह सुरक्षित नीचे उतारने के लिए लगातार प्रयास किया गया. इसी बीच पुंदाग पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद ओपी प्रभारी संजीव ने सूझ बूझ के साथ खुद ही जाकर युवक को सुरक्षित नीचे उतारा.

करीब पांच घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान सेल सिटी परिसर में तनाव और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. देर रात लगभग 12 बजे युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया. इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली.

क्यों रेलिंग पर चढ़ा था युवक, वजह स्पष्ट नहीं

युवक आखिर नौवीं मंजिल की रेलिंग पर क्यों चढ़ा था, इसके पीछे क्या कारण था, इसकी जानकारी फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है. पुंदाग ओपी प्रभारी संजीव ने बताया कि ज्यादा रात हो जाने की वजह से युवक से पूछताछ नहीं हो पाई है. पुलिस की प्राथमिकता पहले उसकी सुरक्षा थी और पहले उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *