झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक और सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को विधि-व्यवस्था बनाए रखने में विफलता और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में लापरवाही के आरोप में तत्काल प्रभाव से उनके पदों से हटाकर पुलिस मुख्यालय से संबद्ध करने का आदेश दिया है.
वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए कहा कि चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी को क्षेत्र में लगातार कैंप कर प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया है. वहीं जमशेदपुर के डीआईजी को भी जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की लगातार निगरानी करने को कहा गया है.
अपराध पर सख्ती, लापरवाही पर नहीं होगी छूट
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.










