बोकारो। चास नगर निगम क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त और सुव्यवस्थित बनाने के अभियान के तहत बुधवार को नवनिर्वाचित मेयर भोलू पासवान एक बार फिर एक्शन मोड में नजर आए। नगर निगम की टीम ने चेक पोस्ट के समीप अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते हुए सड़क किनारे अवैध रूप से लगाए गए ठेले और अस्थायी दुकानों को हटाया।
अभियान के दौरान निगम अधिकारियों ने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए भविष्य में दोबारा अवैध कब्जा नहीं करने की हिदायत भी दी। निगम प्रशासन का कहना है कि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और आम लोगों की सुविधा के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
मेयर भोलू पासवान ने कहा कि चास नगर निगम क्षेत्र का सौंदर्यीकरण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि मानसून को देखते हुए सभी नालों की सफाई और सीवरेज व्यवस्था को दुरुस्त करने का कार्य तेजी से कराया जा रहा है, ताकि जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निगम क्षेत्र में अवैध रूप से किए गए सभी अतिक्रमण हटाए जाएंगे। साथ ही दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों से अपील की कि वे प्रशासनिक कार्रवाई से पहले स्वयं ही अपने अवैध निर्माण और दुकानें हटा लें, ताकि अनावश्यक कार्रवाई से बचा जा सके।
बोकारो से चन्दन सिंह की रिपोर्ट










