झारखंड में शीतलहर का कहर: मैकलुस्कीगंज में पारा 0.9 डिग्री, रांची-कांके में ठिठुरन बढ़ी

Share this News:

झारखंड की राजधानी रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। रांची से सटे कांके में सुबह और रात के समय ठिठुरन ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया। वहीं, दिन में निकली हल्की धूप से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली। वहीं, मैकलुस्कीगंज में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

झारखंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में से एक मैक्लुस्कीगंज में रविवार को कड़ाके की ठंड ने लोगों की दिनचर्या को पूरी तरह बदल दिया। यहां सुबह 5.30 बजे न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे पूरा क्षेत्र शीतलहर की चपेट में आ गया।

सुबह होते ही इलाके में घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता बेहद कम हो गई और सड़कों पर आवाजाही प्रभावित हुई। ठंड का असर इतना तीव्र रहा कि लोग सुबह देर तक अपने घरों में दुबके रहे। पिछले 24 घंटे के मौसम की बात करें तो पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहा। कुछ स्थानों पर हल्का व मध्यम दर्जे का कोहरा देखने को मिला।

राज्य के निकटवर्ती मध्य भाग रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, बोकारो और खूंटी के साथ साथ उत्तर पश्चिमी क्षेत्र यानी पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में शीतलहर की स्थिति देखने को मिली। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस चाईबासा का, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री सेल्सियस मैकलुस्कीगंज का रिकॉर्ड किया गया।

वहीं, राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 22.2 डिग्री और न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विज्ञान केंद्र रांची द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार राज्य के निकटवर्ती व मध्य भाग और उत्तर पश्चिमी क्षेत्र के जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है और 29 दिसंबर को इन जिलों में शीतलहर का असर देखने को मिलेगा, इसे लेकर विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है। ठंड ने आमजनों की जीना मुहाल कर दिया है। जनजीवन प्रभावित हो रहा है और लोगों को ठंड से बचाव के लिए अलाव का सहारा लेना पड़ रहा है।

रांची शहरी क्षेत्र में शीतलहर ने लोगों की आवाजाही कम कर दी है। जिस कारण शाम ढलते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान में बताया गया कि सुबह और देर रात घने कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। ऐसे में ठंड का असर बढ़ रहा है और देर रात कनकनी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

अगले चार दिन राजधानी का इतना रहेगा तापमान
29 दिसंबर : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस
30 दिसंबर : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस
31 दिसंबर : अधिकतम 24 डिग्री और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस
1 जनवरी : अधिकतम 23 डिग्री और न्यूनतम 11 डिग्री सेल्सियस।

कड़ाके की ठंड की गिरफ्त में कांके, धूप ने दिन में दी थोड़ी राहत
कांके में बीते 24 घंटों के दौरान ठंड का असर साफतौर पर देखने को मिला। 28 दिसंबर को कांके का अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान गिरकर 7.3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह और रात के समय ठिठुरन ने जनजीवन को खासा प्रभावित किया।

वहीं दिन में निकली हल्की धूप से लोगों को कुछ समय के लिए राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में वर्षा बिल्कुल नहीं हुई (0.0 मिमी)। हालांकि 1.6 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली ठंडी हवाओं ने ठंड की चुभन और बढ़ा दी।

सुबह-शाम सड़कों पर लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए जबकि चौक-चौराहों पर चाय की दुकानों और अलाव के आसपास लोगों की भीड़ देखी गई।

मौसम विज्ञानी रमेश कुमार का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है। ऐसे में नागरिकों को ठंड से बचाव के लिए सतर्क रहने तथा आवश्यक एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *