चाईबासा लाठीचार्ज प्रकरण को लेकर बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा ने उपायुक्त चंदन कुमार से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। इस दौरान बैठक का माहौल तब गरम हो गया जब मधु कोड़ा डीसी के व्यवहार से नाराज हो उठे। मौके पर कई आदिवासी संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, डीसी चंदन कुमार द्वारा बातचीत के दौरान कैमरा देखते ही नेताओं पर दिखावा करने जैसी टिप्पणी किए जाने पर मधु कोड़ा भड़क गए। उन्होंने कहा, “आपका लहजा ठीक नहीं है, हम लोग जंगल से नहीं आए हैं। नेता के बिना देश नहीं चलता, इसे अच्छी तरह समझ लीजिए। यदि 24 घंटे में हमारी मांगे पूरी नहीं होतीं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।”
कोड़ा ने आगे कहा कि महात्मा गांधी जैसे नेताओं के कारण ही देश को आज़ादी मिली और अधिकारी आज कुर्सी पर बैठे हैं। इस पर डीसी ने कहा, “कहां गांधी जी से तुलना” जिसके बाद बहस और तीखी हो गई। कोड़ा ने चेतावनी दी कि “लहजा बदलें और मांगें पूरी करें, अन्यथा कोल्हान बंद होगा। इस दौरान हो समाज महासभा केंद्रीय कमेटी, कोल्हान पोड़ाहाट मानकी मुंडा संघ और अन्य सामाजिक संगठनों ने संयुक्त रूप से डीसी को एक मांग पत्र सौंपा। इसमें लाठीचार्ज मामले में जेल भेजे गए 16 ग्रामीणों को 24 घंटे के भीतर बिना शर्त रिहा करने और नामजद आरोपियों को गिरफ्तार न करने की मांग की गई। साथ ही, बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक के लिए सख्ती से नो-एंट्री नियम लागू करने की भी मांग की गई।









