रांची में LPG सिलेंडर की किल्लत पर प्रशासन सख्त, DC मंजूनाथ भजंत्री ने की समीक्षा बैठक

Share this News:

रांची में घरेलू एलपीजी (रसोई गैस) सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर सामने आई शिकायतों और उपभोक्ताओं की परेशानियों पर जिला प्रशासन ने गंभीर संज्ञान लिया है. इस संबंध में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में शुक्रवार देर शाम समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिसमें गैस आपूर्ति की स्थिति का आकलन किया गया और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए कई अहम निर्देश जारी किए गए.

बैठक में उप विकास आयुक्त सौरभ भुवनिया, सदर अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, अपर जिला दंडाधिकारी राजेश्वर नाथ आलोक, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी मोनी कुमारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी रामगोपाल पांडेय समेत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (इंडेन), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपी गैस), भारत पेट्रोलियम (भारत गैस), GAIL और आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौजूद थे. बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करना और उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा को दूर करने के लिए ठोस कदम उठाना था.

उपायुक्त का स्पष्ट निर्देश, उपभोक्ताओं को ना हो परेशानी

उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिया कि गैस उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि एलपीजी सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग, कालाबाजारी या अवैध भंडारण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जाएगी. प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि कहीं इस तरह की गतिविधि की जानकारी मिले, तो इसकी शिकायत अबुआ साथी हेल्पलाइन नंबर 9430328080 पर करें.

पाइपलाइन से गैस कनेक्शन की सुविधा उपलब्ध: प्रशासन

प्रशासन ने यह भी बताया कि आपात स्थिति में उपभोक्ता 5 किलोग्राम के छोटे सिलेंडर का विकल्प भी अपना सकते हैं. ये सिलेंडर बाजार में पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है और आधार कार्ड दिखाकर इन्हें आसानी से प्राप्त किया जा सकता है. बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि जिन क्षेत्रों या अपार्टमेंट्स में पाइपलाइन गैस की सुविधा उपलब्ध है, वहां रहने वाले लोग PNG (पाइप्ड नेचुरल गैस) कनेक्शन ले सकते हैं.

घबराकर अनावश्यक रूप से गैस बुकिंग न करे: प्रशासन

GAIL द्वारा संचालित सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन प्रोजेक्ट के तहत रांची में फिलहाल 24 हजार से अधिक घरों में PNG कनेक्शन उपलब्ध कराया जा चुका है. इच्छुक उपभोक्ता टोल-फ्री नंबर 1800-123-121111 पर संपर्क कर कनेक्शन प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं. प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे घबराकर अनावश्यक रूप से ज्यादा गैस बुकिंग न करें, क्योंकि इससे सॉफ्टवेयर सिस्टम पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है. कंपनियों की ओर से आश्वासन दिया गया है कि घरेलू गैस की आपूर्ति पर्याप्त है और स्थिति सामान्य है.

इसके अलावा कुछ गैस एजेंसियों ने रिफिल बुकिंग और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं. जिससे उपभोक्ताओं को सीधे एजेंसी से संपर्क करने में सुविधा हो सके. जिला प्रशासन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार नजर रखें और किसी भी शिकायत पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *