लोक भवन में सैयद अता हसनैन ने ली राज्यपाल पद की शपथ, समारोह में नीतीश कुमार रहे मौजूद

Share this News:

बिहार के नए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन ने लोक भवन में राज्यपाल पद की शपथ ली. पटना हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस संगम कुमार साहू ने नए राज्यपाल को शपथ दिलाई. 12 मार्च को ही नए राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन पटना पहुंचे थे. आज (शनिवार) शपथ ग्रहण के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी समेत अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे.

शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां
नए राज्यपाल के शपथ ग्रहण से पहले प्रशासनिक स्तर पर तमाम तैयारियां पूरी कर ली गई थी. समारोह को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर लोक भवन में सुरक्षा और प्रोटोकॉल से जुड़ी व्यवस्थाएं की गई थीं. नए राज्यपाल के पटना पहुंचने पर भी उनका भव्य स्वागत किया गया था. बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया था. बिहार सरकार की ओर से उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

सैयद अता हसनैन के बारे में जानकारी
सैयद अता हसनैन भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल हैं और अपने लंबे सैन्य अनुभव के लिए जाने जाते हैं. उन्होंने करीब 40 सालों तक सेना में सेवा दी है और कई जिम्मेदारियां संभाली हैं.

अपने करियर के दौरान उन्होंने कई संवेदनशील इलाकों में काम किया. जम्मू-कश्मीर में उनकी भूमिका काफी अहम मानी जाती है. 2012 से 2014 के बीच वे श्रीनगर स्थित 15 कोर यानी चिनार कोर के कमांडर रहे. इस दौरान उन्होंने आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने में अहम योगदान दिया.

सैयद अता हसनैन ने कश्मीर में हार्ट्स एंड माइंड्स की नीति पर भी जोर दिया. इसका मकसद स्थानीय लोगों का विश्वास जीतना और युवाओं को मेन स्ट्रीम से जोड़ना था. इस दिशा में शिक्षा, खेल और रोजगार से जुड़े कई कार्यक्रम भी शुरू किए गए.

सेना से रिटायर होने के बाद भी सैयद अता हसनैन सार्वजनिक जीवन में एक्टिव रहे. उन्हें राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण यानी एनडीएमए का सदस्य बनाया गया था. इसके अलावा वे कश्मीर यूनिवर्सिटी के चांसलर के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *