स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी को जान से मारने की धमकी, उत्तर प्रदेश से खरीदी गई सिम का खुलासा

Share this News:

बोकारो। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को जान से मारने की धमकी मिली है। यह धमकी उन्हें एक अनजान मोबाइल नंबर से कॉल कर दी गई, जिसकी सिम उत्तर प्रदेश से खरीदी गई है। जांच में सामने आया है कि उक्त सिम कार्ड नैना सिंह नामक व्यक्ति के नाम पर जारी है और फिलहाल इसे नॉर्थ ईस्ट रीजन से संचालित किया जा रहा है।

धमकी के बाद मंत्री इरफान अंसारी ने बोकारो में मीडिया से बातचीत करते हुए कहा रात में अचानक एक फोन आया, जिसमें मुझे जान से मारने की धमकी दी गई और उत्तर प्रदेश से निकल जाने को कहा गया। फोन पर जो भाषा इस्तेमाल की गई, वह इतनी आपत्तिजनक थी कि मैं उसे मीडिया में दोहरा भी नहीं सकता। दो मिनट तक मैं स्तब्ध रह गया। लेकिन मैं धमकियों से डरने वाला नहीं हूं। मैं जिस विचारधारा की पार्टी से जुड़ा हूं, उसका विरोध करने वालों के खिलाफ हमेशा मुखर रहूंगा।

मंत्री के निजी सचिव (PA) अजहरुद्दीन ने बताया कि कॉल मिलते ही इसकी जानकारी बोकारो और जामताड़ा के एसपी को दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में सिम धारक की पहचान नैना सिंह के रूप में हुई है। साथ ही कॉल की लोकेशन नॉर्थ ईस्ट में ट्रेस की गई है।

अजहरुद्दीन ने कहा मंत्री जी की बढ़ती लोकप्रियता और जनता से उनका लगातार जुड़ाव कुछ लोगों को नागवार गुजर रहा है। ऐसे में उनकी सुरक्षा को और मजबूत करने की जरूरत है, क्योंकि हाल के दिनों में उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।

पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और तकनीकी टीम सिम की वास्तविक लोकेशन व कॉलर की पहचान में जुटी है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *