रांचीवासियों को जल्द मिलेगा तीन नए फ्लाईओवर का तोहफा, CM ने की समीक्षा

Share this News:

राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित हरमू स्थित सहजानंद चौक-एसीबी कार्यालय, अरगोड़ा चौक-कटहल मोड़ एवं करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले फ्लाईओवर का निर्माण कार्य जल्द शुरू होगा. इस संबंध में विभाग द्वारा तैयार प्रेजेंटेशन को देखने के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ एवं करम टोली चौक से साइंस सिटी फ्लाईओवर निर्माण के लिए डीपीआर बनाते हुए आगे की कार्य योजना को मूर्त रूप देने का निर्देश दिया है.

8 सितंबर को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित रांची शहर के तीन महत्वपूर्ण फ्लाईओवर के कार्य योजना एवं उसके डिजाइन से संबंधित प्रेजेंटेशन पर पथ निर्माण विभाग के वरीय अधिकारियों के साथ सीएम ने गहन विचार-विमर्श किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार द्वारा प्रस्तावित हरमू स्थित सहजानंद चौक से एसीबी कार्यालय तक बनने वाले फ्लाईओवर परियोजना का विस्तृत प्रेजेंटेशन देखा.

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हरमू फ्लाईओवर का निर्माण ट्रैफिक जाम की समस्या को कम करने में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. हरमू बाईपास रोड पर अक्सर लगने वाले जाम से लोगों को काफी परेशानी होती है.

इस फ्लाईओवर के निर्माण से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी और उनका समय भी बचेगा. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि इस फ्लाईओवर को रातू रोड फ्लाईओवर से जोड़ें ताकि आम जनमानस को आवागमन में सुविधा हो सके. इस दौरान पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से यह जानकारी दी कि प्रस्तावित सहजानंद चौक से एसीबी कार्यालय तक बनने वाले फ्लाईओवर परियोजना की टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कर ली गई है.

इस बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़ एवं करम टोली चौक से साइंस सिटी तक बनने वाले फ्लाईओवर निर्माण परियोजना से संबंधित प्रेजेंटेशन पर विस्तार से चर्चा की एवं इन फ्लाईओवर की महत्ता को देखते हुए कई आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि जल्द इस फ्लाईओवर निर्माण हेतु एक बेहतर कार्य योजना बनाते हुए डीपीआर तैयार की जाए और इस परियोजना को साकार करने के लिए आगे काम करें. मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित फ्लाईओवर अरगोड़ा चौक के ऊपर गोल चक्कर बनाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अरगोड़ा चौक में गोल चक्कर निर्माण से कई महत्वपूर्ण सड़कें आपस में कनेक्ट हो जाएंगी जिससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *