जीएसटी की नई दरें नवरात्र के पहले दिन यानी आज से लागू हो रही हैं। अब जीएसटी के 5 फीसदी और 18 फीसदी के सिर्फ दो स्लैब रह गए हैं। नई दरें लागू होने के साथ रसोई के सामान से लेकर दवाइयां, गाड़ियां, कपड़े, मकान खरीदना-बनवाना, बीमा उत्पाद और एसी-टीवी जैसे कई उत्पाद सस्ते हो गए हैं। इसके अलावा, दूध के टेट्रापैक, रोटी, खाखरा, निजी स्वास्थ्य एवं जीवन बीमा उत्पादों, पढ़ाई-लिखाई से जुड़ीं कुछ चीजों और 33 से अधिक जीवनरक्षक दवाओं को जीएसटी से मुक्त कर दिया गया है। आम आदमी तक कर राहत पहुंचे, इसके लिए केंद्र और राज्य सरकारें कड़ी निगरानी कर रही हैं।
अरुणाचल में पीएम बोले- यादगार बनने वाला है जीएसटी बचत उत्सव
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अरुणाचल प्रदेश के ईटानगर में रैली को संबोधित करते हुए कहा, “आज से जीएसटी को हमने सिर्फ 2 स्लैब तक सीमित कर दिया है-5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत। बहुत सारी चीजें अब टैक्स फ्री हो गई हैं, और बाकी चीजें भी अब सस्ती हो गई हैं। यह GST बचत उत्सव आपके लिए बहुत यादगार बनने वाला है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया, ‘मोदी सरकार का नवरात्रि के शुभ अवसर पर देश की सभी माताओं-बहनों को नेक्स्ट जेन जीएसटी रिफॉर्म का उपहार! मोदी जी ने देशवासियों से GST रिफॉर्म का जो वादा किया था, वह आज से पूरे देश में लागू हो गया है। इस GST में 390 से अधिक वस्तुओं पर टैक्स में ऐतिहासिक कमी की गई है। खाद्य एवं घरेलू सामान, होम बिल्डिंग व मैटेरियल्स, ऑटोमोबाइल, कृषि, सेवाएँ, खिलौने, स्पोर्ट्स व हैंडीक्राफ्ट्स, शिक्षा, चिकित्सा व स्वास्थ्य, बीमा जैसे क्षेत्रों में GST में अभूतपूर्व राहत से देशवासियों के जीवन में खुशियाँ आएँगी और उनकी बचत भी बढ़ेगी।”










