रांची में ईद का उत्साह चरम पर: सजी मस्जिदें, तय समय पर नमाज और खास तैयारियां पूरी

Share this News:

ईद के मौके पर झारखंड की राजधानी रांची पूरी तरह त्योहार के रंग में रंग गई है. शहर की मस्जिदों और ईदगाहों को सजाया गया है और नमाज को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. बाजारों में भी रौनक देखने को मिल रही है, जहां लोग खरीदारी में जुटे हैं.

डोरंडा ईदगाह में 9:15 बजे होगी नमाज
डोरंडा स्थित ईदगाह में ईद की नमाज सुबह 9:15 बजे अदा की जाएगी. नमाज की इमामत मौलाना अलकमा शिवली करेंगे. इससे पहले सुबह 8:00 बजे से तकरीर (धार्मिक प्रवचन) शुरू हो जाएगी. ईदगाह कमेटी के सचिव जुबेर अहमद ने बताया कि नमाज के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. ईदगाह परिसर में साफ-सफाई और रंग-रोगन का काम पहले ही पूरा कर लिया गया है. नमाज के दिन सुबह विशेष रूप से जय नमाज (चटाई) बिछाई जाएगी, ताकि नमाजियों को किसी तरह की असुविधा न हो.

बारिश की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था
यदि मौसम खराब होता है या बारिश होती है, तो नमाज की वैकल्पिक व्यवस्था भी की गई है. ऐसे में नमाज जामा मस्जिद जयपुर परिषद में अदा की जाएगी. जरूरत पड़ने पर वहां नमाज दो बार भी कराई जा सकती है, ताकि सभी लोग आसानी से इबादत कर सकें.

लोगों से की गई विशेष अपील
कमेटी की ओर से आम लोगों से कुछ जरूरी अपील भी की गई है. नमाजियों से कहा गया है कि वे अपने साथ चटाई (जानमाज) लेकर आएं और उसी पर नमाज अदा करें. इसके साथ ही ईदगाह के पास वाहनों की भीड़ न बढ़े, इसके लिए लोगों से वाहन दूर खड़े करने या पैदल आने की सलाह दी गई है. डोरंडा क्षेत्र में रास्ता संकरा होने के कारण हर साल भीड़ अधिक हो जाती है. ऐसे में सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने को कहा गया है.

हरमू रोड ईदगाह में भी विशेष इंतजाम
हरमू रोड स्थित रांची ईदगाह में भी ईद को लेकर खास तैयारियां की गई हैं. यहां सुबह 9:00 बजे से तकरीर शुरू होगी और मौलाना डॉ. असगर मिस्बाही सुबह 10:00 बजे नमाज अदा कराएंगे. यह ईदगाह शहर के प्रमुख स्थलों में से एक है, जहां हर साल बड़ी संख्या में लोग नमाज अदा करने पहुंचते हैं. इस बार भी भारी भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि नमाज शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके.

आयोजन को सफल बनाने में जुटी कमेटी
ईद के इस बड़े आयोजन को सफल बनाने के लिए ईदगाह कमेटी के सदस्य लगातार सक्रिय हैं. अध्यक्ष अनवर खान, नज्जू अंसारी, असलम गद्दी, परवेज, खलील मोहम्मद जमाल, आसिफ इकबाल, आफताब रिजवी, इफ्तिखार अंसारी और फिरोज सहित कई लोग तैयारियों में जुटे हुए हैं. कुल मिलाकर रांची में ईद-उल-फितर को लेकर उत्साह चरम पर है. प्रशासन और कमेटी के सहयोग से यह पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने की पूरी तैयारी की गई है.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *