रांची में गैस आपूर्ति पर सख्ती- समय पर होम डिलीवरी, पेंडिंग बुकिंग खत्म करने का आदेश

Share this News:

राजधानी रांची में घरेलू गैस आपूर्ति को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में आयोजित एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में गैस कंपनियों और एजेंसियों को निर्देश दिया गया कि सभी उपभोक्ताओं तक समयबद्ध और सुचारु रूप से होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए.

पेंडिंग बुकिंग को खत्म करेंः मंजूनाथ भजन्त्री

बैठक में जिले में गैस आपूर्ति की मौजूदा स्थिति, उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं और वितरण व्यवस्था में आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि घरेलू गैस आमजन की बुनियादी जरूरत है और इसकी आपूर्ति में किसी भी तरह की लापरवाही या ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि वे पेंडिंग बुकिंग को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा करें और बैकलॉग को पूरी तरह से खत्म करें.

उपभोक्ताओं से भीड़ न लगाने की अपील

तेल कंपनियों, इंडियन ऑयल (IOCL), भारत पेट्रोलियम (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HPCL) के प्रतिनिधियों को आपूर्ति श्रृंखला को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए ठोस कदम उठाने को कहा गया. साथ ही यह सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया कि उपभोक्ताओं को गैस के लिए एजेंसी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और होम डिलीवरी व्यवस्था को पूरी तरह लागू किया जाए.

गैस कंपनियों ने विशेष रूप से इंडेन गैस उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे गैस बुकिंग के लिए और बुकिंग के बाद अनावश्यक रूप से एजेंसी कार्यालयों में भीड़ न लगाएं. उपभोक्ताओं को IVR, मिस्ड कॉल और ऑनलाइन/वेब माध्यम से बुकिंग करने की सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया, ताकि प्रक्रिया सरल और पारदर्शी बनी रहे.

छोटे गैस सिलेंडरों की उपलब्धता का भी निर्देश

आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त ने HPCL और BPCL के 5 लीटर के छोटे गैस सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया. उपभोक्ता आवश्यकता पड़ने पर इन सिलेंडरों को प्राप्त कर सकते हैं, जिसके लिए उपभोक्ता कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा. साथ ही गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया कि छोटे सिलेंडर के वितरण के बाद उसकी विधिवत एंट्री उपभोक्ता कार्ड में अनिवार्य रूप से की जाए, ताकि रिकॉर्ड में पारदर्शिता बनी रहे.

बैठक में घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण और कालाबाजारी को लेकर भी सख्त रुख अपनाया गया. उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी और औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए. उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की अनियमितताओं में शामिल पाए जाने वाले व्यक्तियों और एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.

गैस की आपूर्ति सुचारु रूप से जारी

इसके अतिरिक्त आंगनबाड़ी केंद्रों, मध्यान्ह भोजन योजना, अस्पतालों और अन्य आवश्यक संस्थानों में गैस आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई. अधिकारियों ने बताया कि इन सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर गैस की आपूर्ति फिलहाल सुचारु रूप से जारी है.

कालाबाजारी की सूचना के लिए व्हाट्सएप नंबर जारी

उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि सभी संबंधित विभाग और एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो. जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि गैस से संबंधित किसी भी शिकायत या कालाबाजारी की सूचना ‘अबुआ साथी’ व्हाट्सएप नंबर 9430328080 पर दें.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *