पहले चरण की वोटिंग में उत्साह और नाराज़गी दोनों—लालू परिवार ने किया मतदान, मुजफ्फरपुर में बहिष्कार

Share this News:

बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में गुरुवार को वोटिंग जारी है. इस चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदाता अपने प्रतिनिधि चुन रहे हैं. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. हालांकि, कुछ जगहों पर मशीन खराबी और स्थानीय मुद्दों को लेकर मतदाताओं ने असंतोष भी जताया.

लालू परिवार ने वेटनरी कॉलेज मतदान केंद्र पर किया मतदान
पटना के वेटनरी कॉलेज मतदान केंद्र पर सुबह लालू प्रसाद यादव परिवार ने वोट डालकर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाई. लालू यादव, राबड़ी देवी, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी राजश्री चारों एक साथ मतदान केंद्र पहुंचे. चारों ने पंक्तिबद्ध होकर वोट डाला और मीडिया से बातचीत में तेजस्वी यादव ने कहा, “बदलाव की लहर पूरे बिहार में है, जनता रोजगार और विकास पर वोट दे रही है.”

लालू परिवार के साथ सेल्फी लेने पहुंचे लोग
लालू परिवार के मतदान को लेकर मतदान केंद्र पर खासा उत्साह देखने को मिला. समर्थकों ने नारेबाजी की और कई लोग परिवार के साथ सेल्फी लेने पहुंचे. तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार को आज नई दिशा की जरूरत है और जनता इस चुनाव में नया संदेश देगी. सभी लोग मतदान अवश्य करें. पहले मतदान फिर जलपान.

मुजफ्फरपुर में तीन बूथों पर लोगों ने चुनाव का किया बहिष्कार
वहीं दूसरी ओर मुजफ्फरपुर जिले में तीन बूथों पर लोगों ने चुनाव का बहिष्कार कर दिया. स्थानीय लोगों ने कहा कि वर्षों से सड़क, बिजली, पानी और स्वास्थ्य सेवाओं की समस्या जस की तस बनी हुई है. उनके मुताबिक, नेताओं ने बार-बार वादे किए, लेकिन जमीनी हकीकत नहीं बदली. इसके विरोध में ग्रामीणों ने मतदान केंद्र पर जाकर मतदान से इंकार कर दिया.

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *