चुनाव प्रचार के आखिरी दिन आरजेडी नेता ने कहा कि बिहार अब बदलाव के लिए तैयार है. “लोग सत्ता परिवर्तन चाहते हैं, महिलाएं, युवा और किसान सब बदलाव की आवाज हैं,” तेजस्वी ने सभा में कहा.अपने भाषण में उन्होंने मौजूदा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि न युवाओं को रोजगार मिला न किसानों को राहत.
बिहार में चुनावी जंग अपने निर्णायक मोड़ पर है. वोटिंग से महज कुछ घंटे पहले आरजेडी नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने चुनावी मैदान में एक के बाद एक बड़े ऐलान कर सियासी तापमान बढ़ा दिया है. महिलाओं, किसानों और सरकारी कर्मचारियों के लिए की गई इन घोषणाओं से उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया “अबकी बार बदलाव की बारी.”
तेजस्वी बोले – जनता बदलाव के मूड में है
पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होनी है और आज प्रचार का आखिरी दिन. इस मौके पर पटना में आयोजित जनसभा में तेजस्वी यादव ने कहा कि बिहार की जनता इस बार बदलाव के लिए तैयार है. उन्होंने कहा, “महिलाओं से लेकर युवाओं तक हर वर्ग अब मौजूदा सरकार से ऊब चुका है. लोग विकास, रोजगार और सम्मान की राजनीति चाहते हैं और आरजेडी वही देने जा रही है.”
तेजस्वी यादव ने सबसे बड़ा दांव महिलाओं पर खेला. उन्होंने कहा कि अगर उनकी सरकार बनी तो मकर संक्रांति (14 जनवरी) के दिन हर महिला के खाते में “माई बहन योजना” के तहत 30 हजार रुपये भेजे जाएंगे. तेजस्वी ने कहा, “हम चाहते हैं कि बिहार की महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनें. यह पैसा सीधे उनके खाते में जाएगा, ताकि उन्हें किसी के आगे हाथ न फैलाना पड़े.”
जीविका दीदियों को स्थायी नौकरी और बीमा कवर
तेजस्वी ने राज्य की जीविका दीदियों के लिए भी कई घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि सभी जीविका दीदियों और अन्य कार्यरत महिलाओं को स्थायी किया जाएगा और उनका मानदेय 30 हजार रुपये प्रति माह कर दिया जाएगा.
इसके साथ ही उन्हें हर महीने 2000 रुपये अतिरिक्त सहायता और 5 लाख रुपये का इंश्योरेंस कवर भी दिया जाएगा.
कर्मचारियों को पुरानी पेंशन और घर के पास पोस्टिंग का वादा
सरकारी कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों के लिए भी तेजस्वी ने भरोसा जताया. उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन योजना (Old Pension Scheme) फिर से लागू की जाएगी. साथ ही पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों का ट्रांसफर उनके गृह जिले से 70 किलोमीटर के दायरे में ही किया जाएगा, ताकि उन्हें अपने परिवार से दूर न रहना पड़े.
किसानों के लिए बोनस और फ्री बिजली की घोषणा
किसानों को साधने के लिए तेजस्वी यादव ने ऐलान किया कि धान पर MSP से 300 रुपये ज्यादा और गेहूं पर 400 रुपये ज्यादा बोनस दिया जाएगा. उन्होंने कहा, “अभी सरकार किसानों से 55 पैसे प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली का पैसा लेती है. हमारी सरकार आने पर खेती के लिए बिजली पूरी तरह मुफ्त होगी.”
तेजस्वी ने किसानों से वादा किया कि PACS समितियों (पैक्स) को भी “माननीय” का दर्जा दिया जाएगा और उनके मानदेय में सुधार किया जाएगा.
युवाओं और किसानों पर केंद्रित चुनावी रणनीति
तेजस्वी यादव का यह ऐलान ऐसे समय आया है जब पहले चरण की सीटों पर ग्रामीण और कृषि आधारित वोटरों की संख्या अधिक है. आरजेडी की रणनीति युवाओं और महिलाओं के साथ-साथ किसानों पर केंद्रित है, ताकि ग्रामीण इलाकों में जदयू-भाजपा गठबंधन की पकड़ को कमजोर किया जा सके. तेजस्वी ने अपने भाषण में स्पष्ट किया कि यह सिर्फ घोषणाएं नहीं बल्कि “बदलाव का रोडमैप” है.










