बोकारो में माँ दुर्गा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी पर हंगामा, अधिवक्ता ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

Share this News:

शहर में धार्मिक भावना को आहत करने वाले एक गंभीर मामले ने जोर पकड़ लिया है। एक व्हाट्सऐप ग्रुप में हिंदू देवी माँ दुर्गा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी किए जाने से समाज में तीखी प्रतिक्रिया और आक्रोश फैल गया है। इस मामले में बोकारो सिविल कोर्ट के अधिवक्ता मृत्युंजय मल्लिक ने सिटी थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

शिकायतकर्ता मृत्युंजय मल्लिक, निवासी ग्राम बहादुरपुर, थाना पिण्ड्राजोरा ने बताया कि “अम्बेडकर वादी अधिवक्ता संघ” नामक व्हाट्सऐप ग्रुप का संचालन अशोक महतो एवं एक अन्य अज्ञात व्यक्ति कर रहे हैं। 3 अक्टूबर 2025 की रात 8:03 बजे, अशोक महतो ने इस ग्रुप में माँ दुर्गा के खिलाफ अपमानजनक और अमर्यादित पोस्ट शेयर किया, जिसमें देवी माता की तुलना एक वैश्यावृत्ति करने वाली महिला से की गई थी। इस घटना ने हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश और विरोध भड़काया है।

मल्लिक ने अपने आवेदन में कहा है कि यह कृत्य जानबूझकर धार्मिक भावना को आहत करने, सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने और धार्मिक उन्माद फैलाने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने पुलिस को अशोक महतो द्वारा किए गए पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी सौंपा है, जिसे साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

अधिवक्ता ने पुलिस से आग्रह किया है कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 196 और 299 के साथ-साथ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67 के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाए।

घटना के बाद से ही बोकारो के बुद्धिजीवी वर्ग, अधिवक्ता संघ और धार्मिक संगठन इस मामले पर मुखर हुए हैं। सोशल मीडिया पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने अभद्र टिप्पणी की निंदा करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सिटी थाना पुलिस ने मामले की शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *