पलाश-पुटूश की झाड़ियों में छिपे तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

Share this News:

साइबर अपराध के कुख्यात गढ़ जामताड़ा में पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेतुलबंधा गांव में पलाश और पुटूश की झाड़ियों के पीछे छिपकर देशभर के लोगों को चूना लगा रहे तीन शातिर साइबर अपराधियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अपराधियों के पास से 7 मोबाइल और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे मामले का खुलासा किया।

पलाश और पुटूश की झाड़ियों में घेराबंदी
एसपी शंभु कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि करमाटांड़ के ग्राम तेतुलबंधा के पास सुनसान पलाश और पुटूश की झाड़ियों में छिपकर कुछ अपराधी देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों को चूना लगा रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जब मौके पर घेराबंदी की, तो झाड़ियों के पीछे से तीन आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया।

पकड़े गए तीनों आरोपी जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के ग्राम धरूवाडीह के रहने वाले हैं। इनमें महेन्द्र कुमार मंडल (28 वर्ष), टिंकू कुमार मंडल (26 वर्ष) और विकास कुमार मंडल (24 वर्ष) शामिल हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी महेन्द्र कुमार मंडल का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह जामताड़ा साइबर अपराध थाना के एक पुराने मामले (कांड संख्या 62/21) में पहले से ही चार्जशीटेड है। अपराधियों के पास से मौके पर 7 मोबाइल और 9 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।

APK फाइल डाउनलोड कराकर करते थे ठगी
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये अपराधी बैंक ऑफ बड़ौदा के ग्राहकों को क्रेडिट कार्ड बंद होने या नया कार्ड एक्टिवेट कराने का झांसा देते थे। इसके अलावा, ये गूगल पर विभिन्न बैंकों और कंपनियों के नाम पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर लोगों को फंसाते थे। झांसे में लेकर ये पीड़ितों के मोबाइल में खतरनाक APK फाइल डाउनलोड करवा लेते थे और क्रेडिट कार्ड की गोपनीय जानकारी चुराकर पूरा खाता साफ कर देते थे।

BNS के तहत केस दर्ज, इस साल 75 पहुंचे जेल
इस मामले को लेकर जामताड़ा साइबर अपराध थाना में नए कानून भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023, आईटी एक्ट (I.T. Act) और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कांड संख्या 34/26 दर्ज की गई है। तीनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। एसपी ने बताया कि जामताड़ा पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त रवैया अपनाए हुए है। जनवरी 2026 से अब तक पुलिस कुल 75 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज चुकी है।

Share this News:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *