हजारीबाग: जिला पुलिस इन दिनों प्रिंस खान के संदिग्ध गुर्गों के खिलाफ बड़ा अभियान चला रही है. बड़कागांव में पुलिस ने गिरोह के सदस्य अंकित कुमार पांडे को गिरफ्तार किया है. महत्वपूर्ण बात यह है कि इसकी गिरफ्तारी मुठभेड़ के दौरान हुई है.
हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर दो हाइवा वाहनों पर हुई गोलीबारी मामले में हजारीबाग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने गोलीकांड में संदिग्ध प्रिंस खान गिरोह के सदस्य अंकित कुमार पांडेय को मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्तौल, 7.62 एमएम का एक खोखा, एक मिस फायर गोली, एक जिंदा गोली, एक देसी बम और चार धमकी भरे पर्चे बरामद किए हैं.
हजारीबाग एसपी का बयान
हजारीबाग एसपी अमन कुमार ने बताया कि ट्रांसपोर्टिंग वाहनों पर फायरिंग करने वाले प्रिंस खान गिरोह से जुड़े सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. उन्होंने पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के घायल होने की भी पुष्टि की है. इस मामले को लेकर हजारीबाग एसपी प्रेस वार्ता भी करेंगे.
प्राप्त जानकारी के अनुसार बड़कागांव में एनटीपीसी कोल परिवहन में लगे गाड़ी के ऊपर पिछले दिनों फायरिंग हुई थी. इस मामले को लेकर पुलिस तहकीकात कर रही थी. बड़कागांव थाने में कांड संख्या 133/26 दर्ज किया गया था. पुलिस ने पिपराडीह निवासी संदिग्ध अंकित कुमार पांडेय को पूछताछ के लिए थाना लाया था. पूछताछ के दौरान उसके मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें टेलीग्राम एप के माध्यम से गैंगस्टर प्रिंस खान और उसके गिरोह के सदस्यों के साथ चैट किए जाने की बात सामने आई है.
पुलिस आत्मरक्षा में चलाई गोली
पुलिस टीम आरोपी की निशानदेही पर बरामदगी के लिए गैस प्लांट के पास पहुंची. पुलिस के अनुसार, इस दौरान अंकित ने एक जवान को धक्का देकर बरामद पिस्तौल से पुलिस टीम पर गोली चला दी और भागने की कोशिश की. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें उसके पैर में गोली लग गई. घायल आरोपी को पहले बड़कागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हजारीबाग स्थित शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया.
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में अंकित ने 25 जुलाई की रात 13 माइल ट्रांसपोर्ट रोड पर अपने अन्य साथियों के साथ गोलीबारी की घटना को अंजाम देने तथा प्रिंस खान गिरोह के नाम से धमकी भरे पर्चे छोड़ने की बात स्वीकार की. आरोपी ने यह भी बताया कि घटना में इस्तेमाल हथियार और बम पिपराडीह गांव के पास बंद पड़े गैस प्लांट में छिपाकर रखे गए हैं.










