पलामू जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए चैनपुर अंचल कार्यालय के बड़ा बाबू विनोद कुमार को 5500 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्यालय खुलने के कुछ ही देर बाद छापेमारी होने से पूरे परिसर में अफरातफरी मच गई। सूत्रों के अनुसार, बड़ा बाबू दस्तावेज की नकल उपलब्ध कराने के नाम पर अवैध वसूली कर रहे थे। एक व्यक्ति ने इसकी शिकायत एसीबी से की थी। टीम ने गोपनीय जांच में आरोपों को सही पाया और उसके बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप ऑपरेशन तैयार किया। गुरुवार सुबह जैसे ही विनोद कुमार ने शिकायतकर्ता से 5500 रुपये लिए, एसीबी की टीम ने मौके पर पहुंचकर उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद अंचल कार्यालय में हलचल तेज हो गई। कई कर्मचारी घटना की जानकारी जुटाने में लगे रहे। इसके साथ ही एसीबी ने कार्यालय में तलाशी अभियान चलाया और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए। अधिकारियों ने बताया कि रिश्वतखोरी से जुड़े अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। आरोपी बड़ा बाबू को इसके बाद उनके सिंगरा स्थित आवास पर ले जाया गया, जहां टीम ने व्यापक तलाशी ली। घर से मिले दस्तावेज और सामग्री को भी जांच के दायरे में शामिल किया गया है।









