कैमूर जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मुंडेश्वरी में वन विभाग के सिपाही पर 50 हजार रुपये की अवैध वसूली का गंभीर आरोप लगा है। मामला सोमवार सुबह करीब 10:30 बजे का है, जब एक जेसीबी मालिक छूनू सिंह अपने परिचित की रायपट्टी जमीन को समतल करवा रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान तीन लोग एक बाइक पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और खुद को वन विभाग से बताते हुए जेसीबी बंद करवा दी। उन्होंने मशीन जब्त करने की धमकी दी और चाबी निकाल ली। जब जेसीबी मालिक ने विरोध किया, तो तीनों ने एक लाख रुपये की मांग की। काफी बहस के बाद मामला 50 हजार में तय हुआ।
छूनू सिंह का दावा है कि उन्होंने मौके पर 49 हजार रुपये नकद और 1 हजार रुपये मोबाइल के जरिए राकेश कुमार नामक व्यक्ति को ट्रांसफर किए। इसके बावजूद करीब आधे घंटे बाद हनुमान मंदिर के पास उन पर हमला किया गया और मामले का वीडियो डिलीट करने की धमकी दी गई।
आरोपियों ने यह भी कहा कि “डीएम-एसपी हमारा क्या कर लेंगे”, जिससे मामला और गंभीर हो गया है। पीड़ित ने वन विभाग के वरीय अधिकारियों को आवेदन देकर तीनों पर कानूनी कार्रवाई और सेवा से बर्खास्तगी की मांग की है।
जांच की मांग :
घटना को लेकर इलाके में आक्रोश है। पीड़ित ने कहा कि अगर ऐसी घटनाएं सामने आती हैं, तो लोग प्रशासन से न्याय की उम्मीद कैसे करें। मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।









